थार सवार की दबंगई: BJP नेता को डराने के लिए 7-8 राउंड हवाई फायर

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में BJP नेता को रास्ता देने के विवाद में थार सवार ने पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग की। घटना CCTV में कैद, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

थार सवार की दबंगई: BJP नेता को डराने के लिए 7-8 राउंड हवाई फायर

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में BJP नेता को धमकाने के लिए हवाई फायरिंग
रास्ता देने को लेकर थार सवार से विवाद, पिस्टल निकालकर 7-8 राउंड फायर
CCTV में कैद घटना, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की



कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां BJP युवा मोर्चा के महामंत्री रिचिक कौशिक को डराने के लिए हवाई फायरिंग की गई। घटना उस वक्त हुई, जब वे अपने बेटे के जन्मदिन के मौके पर बाजार से सामान लेने गए थे।

पीड़ित भाजपा नेता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 दिसंबर की रात वह सरस्वती चौक स्थित पवन मार्केट में ढाबे से खाना पैक कराने पहुंचे थे। लौटते समय बेकरी के बाहर खड़ी एक थार गाड़ी से रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया। डिप्पर देने पर थार चालक भड़क गया और गाड़ी से उतरकर पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने भाजपा नेता को धमकाते हुए 7 से 8 राउंड फायर किए। उसके साथ थार में दो अन्य युवक भी मौजूद थे। फायरिंग के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना मार्केट में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें भाजपा नेता की कार थार के सामने रुकती हुई साफ नजर आ रही है।

भाजपा नेता रिचिक कौशिक ने सिटी थाना पिहोवा में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पिहोवा के DSP निर्मल सिंह के मुताबिक, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।