18 वर्षीय बेटे ने मां के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या की
पानीपत के वैसर गांव में 18 वर्षीय युवक ने मां के प्रेमी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी।
- 8 वर्षीय बेटे ने मां के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या की
- रात में घर में घुसा था महिला का प्रेमी
- हत्या के बाद आरोपी बेटे ने खुद पुलिस को दी सूचना
हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वैसर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 18 वर्षीय युवक ने अपनी मां के प्रेमी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सतीश उर्फ लौंडा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 11 बजे सतीश महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला के बेटे विकास नरवाल ने उसे घर के अंदर देख लिया।
प्रेमी को घर में देखकर विकास अपना आपा खो बैठा। आरोप है कि उसने गुस्से में आकर परने से सतीश का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या करने के बाद आरोपी विकास नरवाल ने खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल भिजवा दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक का पिता लंबे समय से लकवे की बीमारी से पीड़ित है। इसी बीच महिला और मृतक के बीच संबंधों को लेकर गांव में चर्चा चल रही थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Akhil Mahajan