बैंक द्वारा सील प्रॉपर्टी के ताले तोड़कर दोबारा कब्जा
पानीपत में ICICI बैंक द्वारा सील की गई संपत्ति के ताले तोड़कर कर्जदार ने दोबारा कब्जा कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
- पानीपत में बैंक द्वारा सील प्रॉपर्टी के ताले तोड़कर दोबारा कब्जा
- कर्जदार साथियों संग पहुंचा, सरकारी आदेशों की अवहेलना
- ICICI बैंक की शिकायत पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
पानीपत — शहर के 8 मरला चौकी क्षेत्र में सील की गई संपत्ति के ताले तोड़कर कब्जा करने का मामला सामने आया है। यह संपत्ति ICICI बैंक द्वारा कानूनी प्रक्रिया के तहत कुर्क की गई थी, लेकिन कर्जदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोबारा कब्जा कर लिया।
मामले में बैंक के अधिकृत अधिकारी संदीप हंस की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश कुमार और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर आपराधिक घुसपैठ, सरकारी आदेशों की अवहेलना और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराएं लगाई गई हैं।
शिकायत के अनुसार, राजेश कुमार और सह-कर्जदार रेखा ने ICICI बैंक से लोन लिया था। किश्तें जमा न करने के कारण 20 जनवरी 2025 तक उन पर करीब 1.10 करोड़ रुपए से अधिक की बकाया राशि हो गई थी।
बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया, जिसके बाद बैंक ने SARFAESI एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की।
बैंक की अर्जी पर जिला मजिस्ट्रेट (DM) पानीपत ने 11 अगस्त 2025 को संपत्ति का कब्जा लेने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद 20 नवंबर 2025 को ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में संपत्ति को सील कर दिया गया था।
बैंक के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को आरोपी राजेश कुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और तालों को तोड़ दिया। इसके बाद उसने संपत्ति में अवैध रूप से प्रवेश कर लिया।
आरोप है कि इस दौरान बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया गया और स्टाफ को डराने-धमकाने की कोशिश की गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
pooja