पानीपत में छत के रास्ते घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
पानीपत के सनौली क्षेत्र में महिला ने पड़ोसी युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
- पानीपत में छत के रास्ते घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
- 12 वर्षीय बेटे ने लाइट जलाकर आरोपी की पहचान कराई
- नामजद केस दर्ज, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
हरियाणा के पानीपत जिले के सनौली थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक 22 वर्षीय युवक देर रात छत के रास्ते घर में घुस गया और रिश्ते में लगने वाली अपनी चाची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर उसका 12 वर्षीय बेटा जाग गया और लाइट जलाते ही आरोपी की पहचान हो गई। इसके बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर सनौली थाना पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति घर से बाहर थे, बच्चों के साथ आंगन में सो रही थी महिला।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना 9 और 10 जुलाई की मध्यरात्रि करीब 12 बजे की है। उस समय उसके पति किसी काम से समालखा गए हुए थे।
महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ घर के आंगन में सो रही थी, जबकि उसके अन्य बच्चे कमरे के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला रिश्तेदारी में भतीजा लगने वाला युवक छत के रास्ते घर में उतर आया।
महिला के अनुसार की अश्लील हरकत।
शिकायत के अनुसार आरोपी चुपचाप महिला की चारपाई के पास पहुंचा और उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद उसने महिला के साथ अश्लील हरकत की और जबरन उसकी चारपाई पर लेट गया।
महिला की नींद खुलने पर उसने खुद को बचाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया।
बेटे ने लाइट जलाई तो सामने आया आरोपी।
महिला की आवाज सुनकर पास में सो रहा उसका 12 वर्षीय बेटा जाग गया और तुरंत घर की लाइट जला दी। रोशनी होते ही परिवार ने आरोपी की पहचान पड़ोसी युवक के रूप में कर ली।
शोर सुनकर घर के अंदर सो रहे अन्य बच्चे भी बाहर आ गए। खुद को घिरता देख आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।
पहले भी अश्लील हरकत का आरोप।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी इससे पहले भी उसके साथ इसी तरह की अश्लील हरकत कर चुका था। उस समय परिवार की इज्जत और रिश्तेदारी को देखते हुए उसने शिकायत नहीं की थी, लेकिन आरोपी की हिम्मत बढ़ गई और उसने दोबारा वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
पुलिस ने शुरू की जांच।
सनौली थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
pooja