पुलिस कर रही थी पूछताछ और थाने की दूसरी मंजिल से कूदा युवक: दो पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ित करने का आरोप

पानीपत के चांदनी बाग थाने में पूछताछ के दौरान युवक ने दूसरी मंजिल से छलांग लगाई। हालत गंभीर, पत्नी ने पुलिस और परिवार पर गंभीर आरोप लगाए।

पुलिस कर रही थी पूछताछ और  थाने की दूसरी मंजिल से कूदा युवक: दो पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ित करने का आरोप
  • थाने में पूछताछ के दौरान युवक ने दूसरी मंजिल से लगाई छलांग
  • गंभीर हालत में रोहतक PGI रेफर, जिंदगी के लिए जंग जारी
  • पत्नी ने पुलिसकर्मियों और ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

पानीपत शहर के चांदनी बाग थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक ने थाने की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे रोहतक PGI रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।

जितेंद्र का रोहतक PGI में इलाज चल रहा है।

मामले में नया मोड़ तब आया जब युवक की पत्नी अनीता ने दो पुलिसकर्मियों और ससुराल पक्ष के कुछ सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए। अनीता का कहना है कि उसके पति को थाने में मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और इसी दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

अनीता के अनुसार, उनके पति ने पारिवारिक विवाद के चलते पहले ही थाने में शिकायत दी थी। इसी शिकायत की जांच के लिए 13 अप्रैल को उन्हें थाने बुलाया गया था। जब जितेंद्र थाने पहुंचे, तो वहां पहले से ही परिवार के कई सदस्य मौजूद थे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

PGI में जितेंद्र के पास बैठी पत्नी अनीता ने बताया कि ऊपर से कूदने के दौरान जितेंद्र नीचे खड़ी एक ट्रॉली पर जा टकराया। जिससे उसके शरीर के अंदर के हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।

पत्नी का आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी दिनेश संधु और एक अन्य भारी शरीर वाले कर्मचारी ने उनके पति की बात सुनने के बजाय लगातार दबाव बनाया और धमकाया। इससे जितेंद्र मानसिक रूप से टूट गए।

अनीता ने बताया कि इसी दबाव के चलते जितेंद्र ने थाने की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। वह नीचे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर जा गिरे, जिससे उनके शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

पत्नी ने इस मामले में पुलिसकर्मियों के अलावा परिवार के सदस्य रूप चंद, सतपाल, रामरती, विकास और मोनू के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि इन सभी ने मिलकर उनके पति को इस हालत तक पहुंचाया।

वहीं, मामले में थाना SHO संदीप कुमार का अलग पक्ष सामने आया है। उन्होंने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है और उन्होंने खुद प्रारंभिक जांच की है। SHO के मुताबिक, शिकायत वकील के बहकावे में आकर दी गई प्रतीत होती है और अब शिकायतकर्ता अपने आरोपों से पीछे हट रहे हैं।

SHO ने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते ही यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।