पानीपत NH-44 पर बड़ा हादसा टला: राख के खाली टैंकर में लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बची कई जानें

पानीपत के नेशनल हाईवे-44 पर टोल प्लाजा के पास राख के खाली टैंकर में आग लग गई। ड्राइवर की सूझबूझ और दमकल टीम की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

पानीपत NH-44 पर बड़ा हादसा टला: राख के खाली टैंकर में लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बची कई जानें

टोल प्लाजा पर ब्रेक लेते ही टायर में भड़की आग
ड्राइवर ने टैंकर को सड़क किनारे लगाकर टाला बड़ा हादसा
दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू


हरियाणा के पानीपत में नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राख से खाली एक टैंकर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि टैंकर चरखी दादरी से राख खाली कर पंजाब के राजपुर की ओर लौट रहा था।

घटना नेशनल हाईवे 44 पर स्थित टोल प्लाजा के पास हुई। जैसे ही ड्राइवर ने ब्रेक लेकर टोल पर गाड़ी रोकी, टैंकर के टायर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। आग ने कुछ ही मिनटों में टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया।

ड्राइवर की सूझबूझ से बचा बड़ा नुकसान

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत टैंकर को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया। यदि टैंकर हाईवे के बीच में खड़ा रहता, तो पीछे से आ रहे वाहनों के साथ बड़ा हादसा हो सकता था। ड्राइवर की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से संभावित बड़ा नुकसान टल गया।

दमकल टीम ने पाया काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि टैंकर खाली था, जिससे किसी प्रकार का विस्फोट नहीं हुआ और जान-माल का बड़ा नुकसान टल गया।

टोल प्लाजा पर मचा हड़कंप

आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और स्थिति सामान्य करवाई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण टायर का अधिक गर्म होना माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।