पानीपत में लेडी एडवोकेट से रेप, शराब पिलाकर संबंध बनाने और ब्लैकमेलिंग का आरोप, साथी वकील गिरफ्तार
एक लेडी एडवोकेट ने साथी वकील पर रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
- पानीपत में लेडी एडवोकेट से रेप का गंभीर आरोप
- साथी वकील पर शराब पिलाकर संबंध बनाने और ब्लैकमेलिंग का आरोप
- आरोपी गिरफ्तार, अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने का दावा
हरियाणा के पानीपत में कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाली एक महिला वकील से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही साथी वकील पर रेप, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकियों के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला वकील की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार, करीब 12 महीने पहले उसकी पहचान वकील से हुई थी। इसके बाद आरोपी का उसके घर पर आना-जाना हो गया। इसी दौरान आरोपी ने घर पर ही दबाव बनाकर उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ संबंध बनाए। महिला वकील का आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए।
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने फोटो और वीडियो वकील साथियों में वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया। बदनामी के डर से वह लंबे समय तक चुप रही। इस दौरान आरोपी ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
महिला वकील का आरोप है कि आरोपी ने उसे जबरन अपने ऑफिस, जो बरसत रोड पर बताया गया है, वहां बुलाया। वहां उसे जबरदस्ती शराब पिलाई गई और उसके बाद शारीरिक संबंध बनाए गए। मना करने पर आरोपी ने जान से मारने और अश्लील सामग्री वायरल करने की धमकी दी।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला वकील ने आखिरकार पुलिस से शिकायत की। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी वकील के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया और शनिवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
मॉडल टाउन थाना प्रभारी SI जगमेंद्र ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।
Akhil Mahajan