पूर्व CRPF जवान की पीट-पीटकर हत्या: बच्चों को खेलने से रोकना पड़ा भारी
पानीपत में पूर्व CRPF जवान अमित की पड़ोसियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी, बच्चों को खेलने से रोकने पर हुआ विवाद, CCTV में कैद घटना, पुलिस जांच जारी।
■ पानीपत में पूर्व CRPF जवान की पीट-पीटकर हत्या
■ बच्चों को खेलने से रोकने पर पड़ोसियों ने किया हमला
■ CCTV में कैद वारदात, पुलिस ने केस दर्ज किया
हरियाणा के पानीपत शहर की भारती कॉलोनी में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां CRPF के पूर्व जवान अमित की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। यह पूरी वारदात गली में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी साफ तौर पर अमित पर हमला करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों में भारी आक्रोश है।परिजनों के अनुसार, मृतक अमित पहले CRPF में तैनात था, लेकिन लकवे की बीमारी के चलते उसने कुछ समय पहले नौकरी छोड़ दी थी। शुक्रवार को घर के बाहर गली में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। अमित ने बच्चों को वहां से हटकर दूसरी जगह खेलने को कहा, ताकि गली में आवाजाही बाधित न हो। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और बच्चों के परिजन मौके पर पहुंच गए।
देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि पड़ोसियों ने एकजुट होकर शारीरिक रूप से कमजोर अमित पर हमला कर दिया। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी लगातार अमित के साथ मारपीट कर रहे हैं। हमले के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का कहना है कि अमित पहले से ही बीमारी से जूझ रहा था और इस तरह की हिंसा ने उनकी जान ले ली। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती हिंसा और छोटी-छोटी बातों पर बढ़ते विवादों को उजागर करती है, जहां मामूली कहासुनी भी जानलेवा बन जाती है।
shubham