PNB मैनेजर ने किया गबन, तीन शाखाओं में 15 फर्जी खाते, करोड़ों का घोटाला

पलवल में PNB के सीनियर मैनेजर पर 2.70 करोड़ रुपए के गबन का आरोप। तीन शाखाओं में फर्जी खाते खोलकर लोन पास किए गए। पुलिस ने FIR दर्ज की।

PNB मैनेजर ने किया गबन,  तीन शाखाओं में 15 फर्जी खाते, करोड़ों का घोटाला
  • PNB के सीनियर मैनेजर ने 2.70 करोड़ का गबन किया
  • तीन शाखाओं में 15 फर्जी खाते खोलकर लोन पास किए
  • पुलिस ने FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की तैयारी की


हरियाणा के पलवल जिले में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से जुड़े बड़े बैंक घोटाले का खुलासा हुआ है। बैंक के एक सीनियर ब्रांच मैनेजर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए करीब 2.69 करोड़ रुपए का गबन किया। मामले की शिकायत वर्तमान शाखा प्रबंधक की ओर से की गई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गदपुरी थाना प्रभारी अश्वनी कुमार के अनुसार, आरोपी अभिषेक गर्ग वर्ष 2018 से 2021 के बीच धतीर (पलवल), सेक्टर-17 फरीदाबाद और मानव रचना फरीदाबाद शाखाओं में प्रबंधक के पद पर तैनात रहा। इस दौरान उसने 15 फर्जी कस्टमर आईडी तैयार कर उनके नाम पर दर्जनों बोगस बैंक खाते खोले। इन खातों के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने जसवीर सिंह, मनोज त्यागी, अनीता सिंह, संगीता, नरेश कुमार समेत कई नामों से फर्जी खाते खुलवाए। इसके साथ ही आरब ट्रेडर्स और त्यागी ट्रेडर्स जैसी फर्जी फर्मों के नाम पर लोन पास कराए गए। लोन की राशि आरोपी ने अपने परिचितों और रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर की और बाद में खुद निकाल ली।

इस घोटाले का खुलासा मार्च 2023 में बैंक की आंतरिक जांच के दौरान हुआ। विस्तृत जांच में अभिषेक गर्ग दोषी पाया गया। 2 सितंबर 2025 को जांच रिपोर्ट पेश की गई, जिसके बाद अगस्त 2025 में बैंक प्रबंधन ने आरोपी को सेवा से बर्खास्त कर दिया।

वर्तमान शाखा प्रबंधक डीगराम दहिया और PNB सर्कल कार्यालय गुरुग्राम की शिकायत पर 26 जनवरी को गदपुरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, रिकॉर्ड में हेराफेरी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।