पानीपत में विवाहिता की मौ*त, पति पर लगे गंभीर आरोप
पानीपत में 28 वर्षीय विवाहिता की तेजाब पीने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पानीपत में पति की प्रताड़ना से परेशान विवाहिता ने तेजाब पीया, इलाज के दौरान मौत
7 साल पहले परिवार के खिलाफ की थी लव मैरिज, दो बच्चों की मां थी नेहा
परिजनों ने पति पर प्रताड़ना के आरोप लगाए, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
हरियाणा के पानीपत की वधावाराम कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पति की कथित प्रताड़ना, नशे की लत और लगातार घरेलू विवादों से परेशान 28 वर्षीय विवाहिता नेहा ने घर में रखा तेजाब (संक्षारक पदार्थ) पी लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका नेहा दो बच्चों की मां थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार करीब सात वर्ष पहले नेहा ने अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध गौरव उर्फ गौरी (30) से प्रेम विवाह किया था। मृतका की बहन सोनिया और जीजा सौरभ का कहना है कि उन्होंने शादी से पहले ही नेहा को समझाया था, क्योंकि गौरव नशे का आदी था, लेकिन उसने परिवार की बात नहीं मानी।
परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार बदल गया। वह कोई नियमित काम नहीं करता था और अधिकांश समय नशे में रहता था। ऐसे में घर का खर्च चलाने के लिए नेहा को दूसरे घरों में झाड़ू-पोछा और बर्तन धोने का काम करना पड़ता था।
परिजनों का आरोप है कि गौरव न केवल नेहा के साथ मारपीट करता था, बल्कि मानसिक और शारीरिक रूप से भी उसे प्रताड़ित करता था। उनका कहना है कि कई बार नेहा को यह जीवन छोड़ने की सलाह दी गई, लेकिन वह बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी के चलते रिश्ते को निभाने की कोशिश करती रही।
मृतका के जीजा सौरभ ने आरोप लगाया कि गौरव अक्सर शराब और अन्य खर्चों के लिए पैसे मांगता था तथा दहेज को लेकर भी नेहा को परेशान करता था। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के विवाद को लेकर पहले भी कई बार पुलिस के पास शिकायत पहुंची थी, लेकिन हर बार समझौता हो गया।
घटना वाले दिन नेहा ने घर में रखा संक्षारक पदार्थ (तेजाब) पी लिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि उसने खुद यह कदम उठाया या उसे जबरन पिलाया गया। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सभी तथ्यों का पता चल सके।
परिवार का कहना है कि ससुराल के अन्य सदस्य सहयोग करते रहे हैं और बच्चों की देखभाल में भी मदद करते रहे हैं। हालांकि उन्होंने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नेहा को न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja