ड्राइवर की आत्मह*त्या के बाद पांच घंटे में नामजद महिला की भी मौ*त
कैथल में ड्राइवर ने वीडियो जारी कर चार लोगों पर आरोप लगाने के बाद आत्महत्या कर ली। कुछ घंटे बाद नामजद महिला की भी मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
कैथल में ड्राइवर ने वीडियो बनाकर आत्महत्या की, चार लोगों को ठहराया जिम्मेदार
पत्नी ने दो महिलाओं समेत चार लोगों पर पैसे और झूठे केस की धमकी देने का आरोप लगाया
करीब पांच घंटे बाद नामजद एक महिला ने भी कथित तौर पर जहर खाकर जान दी
हरियाणा के कैथल जिले में आत्महत्या से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 43 वर्षीय ड्राइवर दिलबाग ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसने दो महिलाओं और दो पुरुषों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया।
वीडियो सामने आने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की तो दिलबाग का शव घर में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस बीच घटना के करीब पांच घंटे बाद वीडियो में नामजद महिला सीमा ने भी कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी सुमन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति ड्राइवरी का काम करते थे। उन्होंने गांव के दो लोगों को कुल सात लाख रुपये उधार दिए थे, लेकिन समय पर पैसे वापस नहीं मिले। जब उन्होंने रकम लौटाने की मांग की तो उन्हें कथित तौर पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
शिकायत के अनुसार, दो महिलाओं सहित चारों लोगों ने लगातार दबाव बनाया, जिससे दिलबाग मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। पत्नी का आरोप है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसके पति ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, नामजद महिला सीमा की मौत के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल उसके परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने इस मामले में इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
ढांड थाना पुलिस और सिविल लाइन थाना पुलिस अपने-अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja