20 साल बाद बाप की मौत का लिया बदला, किसान की 6 गोलियां मारकर हत्या, बेटे पर भी चलाई गोली, हरियाणा में वारदात

हरियाणा के पलवल में 20 साल पुराने विवाद का बदला लेने के लिए किसान बिजेंद्र सिंह की 6 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पत्नी से मारपीट की और बेटे को भी गोली मार दी। पुलिस ने 18 लोगों पर केस दर्ज किया है।

20 साल बाद बाप की मौत का लिया बदला,   किसान की 6 गोलियां मारकर हत्या,  बेटे पर भी चलाई गोली, हरियाणा में वारदात

➤ बदला लेने के लिए किसान बिजेंद्र की गोली मारकर हत्या
➤ पत्नी से मारपीट और बेटे को भी मारी गोली
➤ 20 साल पुराने विवाद से जुड़ा है पूरा मामला


हरियाणा के पलवल जिले के काशीपुर गांव में सोमवार को सनसनीखेज वारदात हुई। यहां बदमाशों ने 55 वर्षीय किसान बिजेंद्र सिंह की 6 गोलियां मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने न केवल बिजेंद्र की पत्नी से मारपीट की बल्कि घर जाकर उनके बेटे सचिन पर भी गोली चला दी। सचिन पड़ोसियों के घर में घुसकर अपनी जान बचा पाया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुटी और आरोपी फरार हो गए।

परिवार का आरोप है कि यह वारदात 20 साल पुराने विवाद का नतीजा है। दरअसल, गांव के पप्पू की हत्या के मामले में बिजेंद्र को सजा हुई थी। मृतक के बेटे दीपांशु ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए यह हमला किया।

कैंप थाना पुलिस ने बिजेंद्र की पत्नी श्यामवती की शिकायत पर गांव के ही 18 लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।


महिला की शिकायत की 3 बड़ी बातें

  • पति बिजेंद्र के साथ चारा लेकर लौट रही थी तभी आरोपियों ने घेरकर फायरिंग शुरू कर दी

  • पति को 5-6 गोलियां लगीं और मौके पर ही मौत हो गई, मुझे भी आरोपियों ने पीटा और धक्का दिया

  • घर जाकर आरोपियों ने बेटे सचिन को गोली मारी, पड़ोसियों के घर छिपकर बची उसकी जान


2011 में हुई थी सजा

गांव के ग्रामीणों के अनुसार, करीब 20 साल पहले दीपांशु के पिता पप्पू की मौत झगड़े में लगी चोटों से हुई थी। इस मामले में बिजेंद्र को 2011 में 7 साल की सजा सुनाई गई थी। 2018 में सजा पूरी करने के बाद वह घर लौटा था। परिजनों का आरोप है कि दीपांशु ने बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया।