भारत-पाक मैच में 50 करोड़ का सट्टा, 300 करोड़ का काला खेल उजागर, हरियाणा समेत अन्‍य राज्‍यों में छापे

भारत-पाक एशिया कप मैच के दौरान इनकम टैक्स की बड़ी कार्रवाई। 35 ठिकानों पर छापा, 300 करोड़ से ज्यादा का काला खेल उजागर। वर्ल्ड-777 और डायमंड एक्सचेंज के जरिये क्रिकेट से राजनीति तक सट्टा। 15 लोग हिरासत में।

भारत-पाक मैच में 50 करोड़ का सट्टा, 300 करोड़ का काला खेल उजागर, हरियाणा समेत अन्‍य राज्‍यों में छापे

एशिया कप भारत-पाक मैच के दौरान इनकम टैक्स की बड़ी कार्रवाई, 35 ठिकानों पर छापेमारी
ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा, 300 करोड़ से ज्यादा का काला कारोबार पकड़ा गया
वर्ल्ड-777, डायमंड एक्सचेंज और 10-एक्स बैट एप के जरिये क्रिकेट, कैसिनो और राजनीति पर भी लगते थे दांव


 एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए हाईवोल्टेज मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। विभाग की चंडीगढ़ और शिमला की टीमों ने संयुक्त रूप से चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में 35 ठिकानों पर छापा मारा। इस अभियान को ऑपरेशन एंड गेम नाम दिया गया, जिसमें करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक के काले खेल का भंडाफोड़ हुआ है।

छापेमारी के दौरान लग्जरी गाड़ियां, करोड़ों की ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और सर्वर जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि नेटवर्क दुबई और आर्मेनिया से संचालित हो रहा था और केवल भारत-पाकिस्तान मैच में 50 करोड़ रुपये का सट्टा लगाया गया था।

जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क वर्ल्ड-777, डायमंड एक्सचेंज और 10-एक्स बैट एप के जरिये न सिर्फ क्रिकेट और कार रेसिंग बल्कि राजनीतिक घटनाओं पर भी सट्टा लगवाता था। सूत्रों के अनुसार बैटिंग एप पर लाइव कैसिनो वीडियो और लड़कियों के जरिये ऑनलाइन वीडियो दिखाकर लोगों को ज्यादा दांव लगाने के लिए उकसाया जाता था। फिलहाल 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है।

इस बीच, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने क्यूएफएक्स/वाईएफएक्स/बॉटब्रो प्लेटफॉर्म के जरिये किए गए बड़े निवेश घोटाले में भी कार्रवाई की है। ईडी ने इस मामले में भारत में सक्रिय मुख्य एजेंट हरिंदरपाल सिंह को मनी लांड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत गिरफ्तार किया।

चंडीगढ़ की विशेष पीएमएलए अदालत ने आरोपी को नौ दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई कई एफआईआर पर आधारित है, जिनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में आईपीसी की धारा 120बी, 406 और 420 के तहत केस दर्ज हैं।