नूंह में डीएपी के नाम पर नकली खाद बेचने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़
नूंह में डीएपी के नाम पर नकली खाद बेचने वाले बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 300 कट्टे नकली खाद बरामद कर दो आरोपियों को रिमांड पर लिया है, जबकि मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी फरार हैं।
नूंह में डीएपी के नाम पर नकली खाद बेचने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़
300 कट्टे नकली खाद, 300 खाली डीएपी बैग और ट्रक बरामद, दो आरोपी रिमांड पर
कथित मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी फरार, पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में किसानों के साथ बड़े स्तर पर धोखाधड़ी करने वाले नकली खाद रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने छापेमारी कर डीएपी के नाम पर बेची जा रही नकली खाद का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि कथित मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के हापुड़ से ट्रकों में सस्ती नकली खाद मंगवाई जाती थी। इसके बाद उसे डीएपी के असली खाली कट्टों में भरकर किसानों को असली खाद बताकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ उनकी फसलों और जमीन की उर्वरता पर भी खतरा पैदा किया जा रहा था।
शुक्रवार को एंटी सीएस स्टाफ की टीम ने दोहा गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 300 कट्टे नकली खाद, डीएपी के 300 खाली कट्टे और एक ट्रक बरामद किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि गिरोह लंबे समय से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था।
शनिवार को गिरफ्तार किए गए वारिश और ट्रक चालक शमी मोहम्मद को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है, अब तक कितने किसानों को नकली खाद बेची गई और इस पूरे कारोबार में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
डीएसपी फिरोजपुर झिरका हरदीप सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों असलम, खुर्शीद और इमरान की गिरफ्तारी के लिए एंटी सीएस स्टाफ और सदर थाना फिरोजपुर झिरका की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस जांच में खुर्शीद को इस पूरे रैकेट का कथित मास्टरमाइंड माना जा रहा है। आरोप है कि वही हापुड़ से नकली खाद मंगवाकर डीएपी के खाली कट्टों में भरवाता था और किसानों को असली खाद बताकर बेचता था।
पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी। जांच में यदि और तथ्य सामने आते हैं तो यह मामला नूंह जिले में नकली खाद के सबसे बड़े रैकेटों में से एक साबित हो सकता है।
pooja