नितिन नवीन बने भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष

भाजपा ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। जेपी नड्डा के बाद स्थायी अध्यक्ष को लेकर पार्टी में मंथन तेज है।

नितिन नवीन बने भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष
  • नितिन नवीन भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त
  • जेपी नड्डा के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद खाली था पद
  • स्थायी अध्यक्ष को लेकर 8 बड़े दावेदारों के नाम चर्चा में


भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। रविवार को भाजपा के पार्लियामेंट्री बोर्ड के इस निर्णय की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। 2024 लोकसभा चुनाव के बाद यह पद खाली चल रहा था, जिस पर अब अंतरिम रूप से नितिन नवीन की ताजपोशी की गई है।

वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। उनका कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका था, लेकिन पार्टी ने उन्हें एक्सटेंशन दिया हुआ था। लोकसभा चुनाव के बाद जेपी नड्डा को केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया, जिसके बाद पार्टी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश शुरू करनी पड़ी। इसी प्रक्रिया के तहत फिलहाल नितिन नवीन को कार्यकारी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा में स्थायी राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर अंदरूनी मंथन तेज है। संगठन और संघ स्तर पर कई नामों पर विचार किया जा रहा है। इनमें अनुभवी नेताओं से लेकर महिला नेतृत्व और युवा चेहरे तक शामिल हैं। पार्टी सामाजिक संतुलन, संगठनात्मक अनुभव और आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखकर फैसला कर सकती है।

अगर भविष्य में नितिन नवीन को ही स्थायी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है, तो वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। वर्तमान में उनकी उम्र 45 वर्ष है। पार्टी के भीतर उन्हें एक उभरते हुए संगठनात्मक नेता के तौर पर देखा जा रहा है।