एनएच 152डी पर दो ट्रालों की भीषण टक्कर, आग में जलकर दो की मौत

एनएच 152डी पर कमोद गांव के पास दो ट्रालों में भीषण टक्कर के बाद आग लग गई। हादसे में चालक खांडा खेड़ी निवासी राजेश और परिचालक रूपगढ़ जींद निवासी जयवंत जिंदा जलकर मौत का शिकार हुए।

एनएच 152डी पर दो ट्रालों की भीषण टक्कर, आग में जलकर दो की मौत

  • एनएच 152डी पर दो ट्रालों में भीषण टक्कर
  • आग लगने से चालक व परिचालक जिंदा जले
  • कमोद गांव के पास देर रात हुआ दर्दनाक हादसा

हरियाणा के एनएच 152डी हाईवे पर गांव कमोद के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें दो ट्राले टकरा गए। पीछे से आ रहे ट्राले ने खड़े ट्राले को तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद दोनों वाहनों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने दोनों ट्रालों को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना में ट्राला चालक और परिचालक जिंदा जलकर मौत के शिकार हो गए। हादसा इतना भयावह था कि आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

मृतकों की पहचान खांडा खेड़ी निवासी राजेश (चालक) और जींद के रूपगढ़ निवासी जयवंत (परिचालक) के रूप में हुई है। शव बुरी तरह जल चुके थे, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

हाईवे पर काफी देर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने जेसीबी की मदद से जले हुए ट्रालों को हटाया और देर रात तक आवागमन सुचारू किया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर रात में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना ऐसे हादसों का बड़ा कारण बन रहा है।