नारनौल: ट्रक-कार टक्कर में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत

नारनौल में NH-152D पर ट्रक की टक्कर से कार में आग लग गई। हादसे में एडवोकेट समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

नारनौल: ट्रक-कार टक्कर में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत
  • नारनौल में भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत
  • तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार में लगी आग, बाहर निकलने का मौका नहीं मिला
  • हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी


हरियाणा के नारनौल में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें कार सवार तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा नेशनल हाईवे नंबर 152-डी पर टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

कार में लगी आग को बुझाने में लगे दमकलकर्मी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण कार सवारों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के दौरान ट्रक के केबिन में भी आग लग गई, हालांकि ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

मृतकों की पहचान नारनौल के पास गांव नीरपुर निवासी एडवोकेट राजकुमार यदुवंशी, कपड़ा व्यापारी रविदत्त उर्फ दारा सिंह और टैक्सी चालक प्रवीण उर्फ पौमी के रूप में हुई है। तीनों आपस में दोस्त थे और देर रात कहीं से लौट रहे थे।

जले वाहनों को रोड से हटाने के क्रेन मंगाई थी।

पुलिस के अनुसार रात करीब ढाई बजे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मारी। टक्कर के बाद एयरबैग खुल गए, लेकिन इससे पहले कि वे कार से बाहर निकल पाते, वाहन में आग लग गई और तीनों कार के अंदर ही जिंदा जल गए।

हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद जले हुए तीन शव कार से निकाले गए। शवों को अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।