नारनौल में पपला गुर्जर गैंग के बदमाश की हत्या, पुराने साथी ने लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला गैंग की दुश्मनी में खून: नारनौल में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी फरार

हरियाणा के नारनौल में पपला गुर्जर गैंग से जुड़े युवक पुष्कर बायल की उसके ही पुराने साथी संदीप उर्फ संध्या ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों पर हरियाणा और राजस्थान में कई आपराधिक मामले दर्ज थे।

नारनौल में पपला गुर्जर गैंग के बदमाश की हत्या, पुराने साथी ने लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला  गैंग की दुश्मनी में खून: नारनौल में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी फरार

नारनौल में पपला गुर्जर गैंग के बदमाश की पीट-पीटकर हत्या
पुराने साथी संदीप उर्फ संध्या पर वारदात का आरोप, लाठी-डंडों और रॉड से हमला
राजस्थान-हरियाणा में दोनों पर 10-10 आपराधिक मामले दर्ज


हरियाणा के नारनौल में अपराध से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजस्थान सीमा से सटे गांव मूसनौता की सादा की ढाणी में बदमाशों ने पपला गुर्जर गैंग से जुड़े युवक पुष्कर बायल की लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैंपर गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शी भीम सिंह के अनुसार, वह और 33 वर्षीय पुष्कर बायल गांव के सरपंच दशरथ सिंह के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों स्कॉर्पियो गाड़ी में गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही संदीप सिंह उर्फ संध्या ने अपने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया।

गाड़ी भी तोड़ी, फिर लाठी-डंडों से हमला

हमले के दौरान आरोपियों ने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। भीम सिंह किसी तरह मौके से बच निकले, लेकिन बदमाशों ने पुष्कर को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण वह बुरी तरह घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल पुष्कर को नारनौल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

चाचा ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के चाचा पूरणमल ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने पूरी वारदात को हिंसक और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया

पहले दोनों एक ही गैंग में थे

जानकारी के अनुसार, पुष्कर और आरोपी संदीप उर्फ संध्या पहले एक ही पपला गुर्जर गैंग के सदस्य थे। दोनों के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में करीब 10-10 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि किसी विवाद के कारण दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थीं।

दोनों पहले भी जेल जा चुके

सूत्रों के अनुसार, आरोपी संदीप करीब डेढ़ साल पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था, जबकि मृतक पुष्कर करीब डेढ़ महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था

गांव में डर का माहौल

घटना के बाद ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है