हरियाणा में कार-ऑटो भिड़ंत, महिला की मौत शोक में जा रहे परिवार पर टूटा कहर
नारनौल के हमीदपुर के पास कार और ऑटो की टक्कर में एक महिला की मौत और 11 लोग घायल हो गए। घायलों में एक साल का बच्चा भी शामिल, सभी को हायर सेंटर रेफर किया गया।
■ नारनौल के हमीदपुर के पास कार से टकराकर पलटा ऑटो
■ पटीकरा की रेश्मा देवी की मौत, एक साल का बच्चा समेत 11 घायल
■ सभी गंभीर घायलों को नागरिक अस्पताल से हायर सेंटर रेफर
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में सिंघाना रोड पर गांव हमीदपुर के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक साल के मासूम बच्चे समेत 11 लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब शोक जताने जा रहा एक ऑटो सर्विस रोड की ओर मुड़ा और सामने से आ रही कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, गांव पटीकरा की मोनिका के फूफा का गांव बापड़ोली में निधन हो गया था। शोक प्रकट करने के लिए करीब 14 लोग नेशनल हाईवे-11 से होते हुए ऑटो में सवार होकर बापड़ोली जा रहे थे। जब ऑटो ड्राइवर ने हमीदपुर के पास कट से सर्विस रोड की ओर वाहन मोड़ा, तभी सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद ऑटो चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। हादसे में कार भी डिवाइडर से टकरा गई, लेकिन एयरबैग खुलने से कार सवार सुरक्षित रहे।
घायलों को नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गांव पटीकरा की रेश्मा देवी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में मोनिका, अशोक, सुमन, ललिता, शशीबाला, लूलिया, जयराम, मौसम, सरोज, नियांशी और एक वर्षीय बच्चा शामिल हैं। सभी की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
shubham