कॉफी पीने का सही समय आया सामने, पियो और सेहतमंद रहो

रिसर्च में खुलासा हुआ है कि सुबह के समय सीमित मात्रा में कॉफी पीने से फोकस बढ़ता है और बीमारियों का जोखिम कम हो सकता है।

कॉफी पीने का सही समय आया सामने, पियो और सेहतमंद रहो

➤सुबह कॉफी पीने वालों में बीमारियों का जोखिम कम
➤ फोकस और ऊर्जा बढ़ाने में सुबह की कॉफी ज्यादा असरदार
➤ सही समय पर सीमित मात्रा में कॉफी से सेहत को फायदा


दुनिया भर में करोड़ों लोग अपनी सुबह की शुरुआत एक कप कॉफी के साथ करते हैं। यह सिर्फ आदत नहीं, बल्कि अब रिसर्च से साबित होता लाभ भी बनती जा रही है। हालिया अध्ययन में सामने आया है कि सुबह के समय सीमित मात्रा में कॉफी पीना सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।

रिसर्च के मुताबिक, जो लोग सुबह कॉफी का सेवन करते हैं, उनमें फोकस बेहतर रहता है और शरीर दिनभर ज्यादा सक्रिय बना रहता है। यह सुस्ती और आलस को दूर करने के साथ-साथ दिल की सेहत पर भी सकारात्मक असर डाल सकती है।

यूरोपीय हार्ट जर्नल में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, सुबह कॉफी पीने वाले लोग उन लोगों की तुलना में ज्यादा स्वस्थ पाए गए, जो दिन के किसी भी समय कॉफी पीते हैं। यह रिपोर्ट कॉफी पीने या न पीने पर जोर नहीं देती, बल्कि यह बताती है कि कॉफी पीने का सही समय कितना अहम है

इस स्टडी में यह भी देखा गया कि जो लोग सीमित मात्रा में कॉफी पीते हैं, उनकी सेहत उन लोगों से बेहतर रही, जो बिल्कुल भी कॉफी नहीं पीते। इससे यह संकेत मिलता है कि संतुलन और सही समय कॉफी के असर को और बेहतर बना देता है।

इस शोध के लिए अमेरिका के करीब 40 हजार लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया। यह डेटा साल 1999 से 2018 के बीच एकत्र किया गया था, जिसमें लोगों की डाइट, लाइफस्टाइल और कॉफी पीने के समय तक की जानकारी शामिल थी।

रिसर्च में साफ सामने आया कि जो लोग सुबह एक से दो कप या एक बार भी कॉफी पीते हैं, उनमें बीमारियों का खतरा कम पाया गया। यह अध्ययन संकेत देता है कि सुबह का समय कॉफी के लिए सबसे अनुकूल माना जा सकता है।