मनोहर लाल बोले- एसआईआर डुप्लीकेट वोट खत्म करने की प्रक्रिया

करनाल दौरे पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एसआईआर प्रक्रिया को डुप्लीकेट वोट खत्म करने की पहल बताया। उन्होंने विधायकों को गांवों में जाकर समस्याएं सुनने के निर्देश दिए।

मनोहर लाल बोले- एसआईआर डुप्लीकेट वोट खत्म करने की प्रक्रिया

करनाल दौरे पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने विपक्ष पर साधा निशाना

एसआईआर को बताया डुप्लीकेट वोट खत्म करने की प्रक्रिया

विधायकों को गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनने के निर्देश

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर तीन दिन के करनाल प्रवास पर हैं। रविवार को वह करनाल के बालू गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों, एसआईआर प्रक्रिया और नीट परीक्षा को लेकर अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद जनप्रतिनिधियों का जनता से दूर हो जाना सही नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विधायकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों में जाएं, लोगों से मिलें और उनकी समस्याएं सुनें।

मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अक्सर शिकायत मिलती है कि चुनाव जीतने के बाद नेता गांवों में नहीं पहुंचते। इसलिए अब गांव-गांव जाकर लोगों से जुड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लोकसभा क्षेत्र में करीब 575 गांव आते हैं, ऐसे में हर गांव में जाना संभव नहीं होता। इसलिए कुछ गांवों को चिन्हित कर वहां लोगों से सीधा संवाद किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गांवों में विकास कार्य अलग-अलग स्तर पर होते हैं। कुछ काम पंचायतों के अधीन होते हैं, जबकि कुछ कार्य राज्य और केंद्र सरकार के जिम्मे आते हैं। सरकार का लक्ष्य सभी गांवों में मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराना है।

एसआईआर को लेकर विपक्ष के सवालों पर जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष लगातार इसका विरोध कर रहा है, लेकिन जहां भी विरोध हुआ है वहां विपक्ष को हार मिली है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गांव में करीब 2500 से 2600 वोट बने हुए हैं, जबकि मतदान के दौरान केवल करीब 1200 वोट ही डाले जाते हैं।

उन्होंने कहा कि कई लोग विदेश या शहरों में रह रहे हैं, लेकिन उनके वोट गांव में बने हुए हैं। कुछ मामलों में एक ही व्यक्ति के दो स्थानों पर वोट भी बने हुए हैं। एसआईआर का उद्देश्य ऐसे डुप्लीकेट वोट खत्म करना और वोटर सूची को सही करना है।

मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बंगाल और असम समेत कई राज्यों में वोटर लिस्ट से जुड़ी समस्याएं सामने आई थीं। एसआईआर के जरिए इन्हें ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सही वोटर को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

नीट परीक्षा के मुद्दे पर भी केंद्रीय मंत्री ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जानी है और छात्रों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए प्रदेश सरकार जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार भी जताया।