करनाल पहुंचे मनोहर लाल बोले- “कॉकरोच जनता पार्टी” का पोर्टल बंद

करनाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने “कॉकरोच जनता पार्टी” को शरारती तत्वों की हरकत बताया। उन्होंने कहा कि पोर्टल बंद हो चुका है और इसे चलाने वाले लोग पीछे हट गए हैं।

करनाल पहुंचे मनोहर लाल बोले- “कॉकरोच जनता पार्टी” का पोर्टल बंद

करनाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने “कॉकरोच जनता पार्टी” को बताया शरारती तत्वों की हरकत

बोले- इस नाम से चल रहा पोर्टल बंद हो चुका है, इसे चलाने वाले लोग भी पीछे हटे

देश में रिकॉर्ड बिजली मांग के बावजूद सरकार ने बेहतरीन प्रबंधन किया: मनोहर लाल


शुक्रवार देर रात ट्रेन से करनाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोशल मीडिया पर चर्चा में चल रही तथाकथित “कॉकरोच जनता पार्टी” को लेकर बड़ा बयान दिया। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह कुछ शरारती तत्वों की हरकत थी और इस नाम से जो पोर्टल चलाया जा रहा था, उसे अब बंद कर दिया गया है।

करनाल में ट्रेन से उतारते ही रात का उनका स्वागत करते भाजपा नेता व कार्यकर्ता।

मनोहर लाल ने कहा कि इस पूरे मामले को ज्यादा गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इसे संचालित करने वाले लोग भी अब पीछे हट चुके हैं। उन्होंने साफ संकेत दिए कि इस तरह की गतिविधियां सिर्फ भ्रम फैलाने के उद्देश्य से की जाती हैं।

जब मीडिया ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी के खुद को इस पार्टी का संयोजक बताए जाने का जिक्र किया, तो मनोहर लाल ने हल्के अंदाज में मुस्कुराते हुए सिर्फ “ठीक” कहकर जवाब दिया। उन्होंने इस मुद्दे पर ज्यादा टिप्पणी करने से बचते हुए बातचीत को आगे बढ़ा दिया।

करनाल रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री के पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिला अध्यक्ष प्रीवन लाठर, विधायक जगमोहन आनंद समेत कई भाजपा नेता स्टेशन पर मौजूद रहे। ट्रेन रुकने से पहले ही कार्यकर्ता प्लेटफॉर्म पर उनके स्वागत के लिए इंतजार करते नजर आए।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने देश में बढ़ती हीट वेव और बिजली की रिकॉर्ड मांग को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि पिछले चार-पांच दिनों से देशभर में गर्मी लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण 21 मई को बिजली की मांग 271.8 गीगावॉट तक पहुंच गई थी।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मांग के बावजूद केंद्र सरकार और बिजली विभाग ने बेहतर प्रबंधन किया, जिसकी वजह से देश में कहीं भी बड़ी बिजली समस्या देखने को नहीं मिली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर आने वाले दिनों में बिजली की मांग 283 गीगावॉट तक भी पहुंचती है, तब भी देश उसे पूरा करने में सक्षम रहेगा।

मनोहर लाल ने कहा कि भविष्य में बिजली की जरूरतें और तेजी से बढ़ने वाली हैं। इसे देखते हुए केंद्र सरकार पहले से ही व्यापक स्तर पर तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि सोलर पावर, हाइड्रो पावर और थर्मल पावर सेक्टर को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में बिजली संकट की स्थिति पैदा न हो।

ट्रेन रूकने का इंतजार करते भाजपा नेता।

उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम संसाधनों पर बढ़ते दबाव के कारण आने वाले वर्षों में बिजली आधारित तकनीकों का उपयोग तेजी से बढ़ेगा। इलेक्ट्रिक वाहन, एआई टेक्नोलॉजी, डाटा सेंटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के विस्तार से बिजली की मांग में बड़ा उछाल आने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य ऊर्जा क्षेत्र को पहले से ज्यादा मजबूत बनाना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद हुई मंत्री परिषद की बैठक को लेकर भी मनोहर लाल ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के लौटते ही काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें करीब 70 मंत्रियों ने हिस्सा लिया।

करीब साढ़े चार घंटे तक चली इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने विदेशी दौरों के अनुभव साझा किए और विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज की समीक्षा की। मनोहर लाल ने कहा कि करीब छह महीने बाद हुई इस नियमित बैठक में देश के मौजूदा हालात और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर भी पत्रकारों ने मनोहर लाल से प्रतिक्रिया मांगी। इस पर उन्होंने ज्यादा कुछ कहने से बचते हुए कहा कि वह पहले भी इस विषय पर अपनी बात रख चुके हैं और अब बार-बार इस मुद्दे पर बोलना उचित नहीं समझते।