कुरुक्षेत्र मंडी में MSP पर बाहरी गेहूं बेचने का आरोप, बिना गेट पास एंट्री से मचा बवाल
कुरुक्षेत्र की थानेसर मंडी में बाहरी गेहूं को बिना गेट पास MSP पर बेचने के आरोप लगे हैं। किसान यूनियन ने CCTV फुटेज के साथ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
■ बिना गेट पास और बायोमेट्रिक के बाहरी फसल की एंट्री का दावा
■ यूनियन ने CCTV दिखाकर कार्रवाई की मांग, जांच शुरू
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की थानेसर अनाज मंडी में गेहूं खरीद को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। किसान संगठन Shaheed Bhagat Singh Kisan Union ने आरोप लगाया है कि दूसरे राज्य से लाई गई गेहूं की फसल को रातोंरात MSP पर बेच दिया गया, जबकि स्थानीय किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में परेशान हो रहे हैं।
यूनियन के महासचिव Dilbag Singh ने दावा किया कि बीती रात दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में करीब 150-150 क्विंटल गेहूं मंडी में लाया गया। हैरानी की बात यह है कि इन ट्रॉलियों का ना कोई गेट पास काटा गया और ना ही बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बावजूद ट्रॉलियां सीधे मंडी के अंदर पहुंचीं और रात में ही गेहूं की तुलाई करवा दी गई।
यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई और संभवतः गेहूं को उसी रात MSP पर बेच भी दिया गया। इससे स्थानीय किसानों में रोष है, क्योंकि उन्हें फसल बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
सबसे अहम बात यह है कि यूनियन के पास इस घटना के CCTV फुटेज भी मौजूद हैं। दिलबाग सिंह के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मंडी के पिछले गेट से लाई गईं और उन पर उत्तर प्रदेश के नंबर थे। यूनियन ने यह फुटेज मार्केट कमेटी अधिकारियों को सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यूनियन ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां किसानों पर बायोमेट्रिक, गेट पास, रजिस्ट्रेशन जैसी कई शर्तें लागू हैं, वहीं व्यापारियों के लिए ऐसे कड़े नियम नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे रोड जाम करने को मजबूर होंगे।
इस पूरे मामले पर मार्केट कमेटी के सचिव Harjeet Singh ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो वाहन बिना गेट पास के मंडी में दाखिल हुए थे। उन्होंने बताया कि यूनियन द्वारा दी गई CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी है और जिस आढ़ती के पास यह गेहूं पहुंचा होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मंडी में चेकिंग भी बढ़ाई जाएगी।
shubham