नशे की ओवरडोज से युवक की मौ*त
कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत। चाचा ने दोस्त पर नशा देने का आरोप लगाया, पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।
- कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत
- चाचा का आरोप, दोस्त ने फोन कर बुलाया और नशा दिया
- अस्पताल छोड़कर भागे दोस्त, FIR दर्ज कर जांच शुरू
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद क्षेत्र में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह (25) निवासी गांव मडाडो के रूप में हुई है। लवप्रीत राजमिस्त्री का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।
मृतक के चाचा जसमेर सिंह ने आरोप लगाया कि लवप्रीत के दोस्त मनप्रीत सिंह उर्फ मनी ने उसे फोन करके घर से बुलाया और नशा दिया। नशे की हालत बिगड़ने पर दोस्त और उसका एक साथी लवप्रीत को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार, शाम को सूचना मिली कि लवप्रीत की हालत गंभीर है। परिजन उसे घर लेकर आए, लेकिन तबीयत और बिगड़ने पर एम्बुलेंस से LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने चाचा की शिकायत पर मनप्रीत और उसके साथी के खिलाफ BNS की धारा 105 और 123 के तहत FIR दर्ज की है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए विसरा जांच के लिए भेजा गया है।
Akhil Mahajan