गोतस्करों-पुलिस के बीच फायरिंग, कैंटर में ले जा रहे थे गोवंश; CIA गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश, अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

कुरुक्षेत्र में गोतस्करों ने गोवंश से भरे कैंटर को रोकने गई CIA टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बावजूद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गोतस्करों-पुलिस के बीच फायरिंग, कैंटर में ले जा रहे थे गोवंश; CIA गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश, अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

➤ गोवंश से भरे कैंटर को रोकने पर पुलिस पर फायरिंग
➤ टायर पंचर के लिए पुलिस की जवाबी कार्रवाई
➤ अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में गोतस्करों और पुलिस के बीच देर रात सनसनीखेज मुठभेड़ हो गई। बेसहारा गाय-बैल से भरे एक कैंटर को रोकने गई CIA टीम पर तस्करों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी टायर पंचर करने के उद्देश्य से फायर किए, लेकिन तेज रफ्तार कैंटर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस दौरान कैंटर चालक ने पुलिस की सरकारी गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश भी की।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच कंट्रोल रूम कुरुक्षेत्र से सूचना मिली कि शाहाबाद अनाज मंडी की ओर से कुछ लोग कैंटर में बेसहारा गोवंश भरकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही CIA-1 टीम तुरंत सक्रिय हुई। टीम में PSI राहुल कुमार, SI शरणजीत सिंह, ASI नरेश और चालक EASI ईश्वर सिंह शामिल थे। टीम सरकारी वाहन से बाबैन-सुनारिया रोड पर गश्त करने लगी।

गांव सुनारिया से आगे पहुंचने पर सामने से एक कैंटर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने डिपर देकर कैंटर को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने की बजाय तेज रफ्तार से पुलिस गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को दूसरी ओर मोड़कर टक्कर से बचाव किया।

कैंटर के भागने पर पुलिस ने पीछा शुरू किया। कैंटर का पिछला ढाला खुला था, जिसमें गाय-बैल भरे हुए थे। ढाला नीचे होने के कारण कैंटर का नंबर दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने दोबारा सायरन बजाया, डिपर मारे और आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन चालक ने रास्ता नहीं दिया।

पीछा जारी रहने पर कैंटर के पीछे खड़े दो तस्करों में से एक ने पिस्तौल/देसी कट्टा से पुलिस की गाड़ी पर 2-3 राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां पुलिस वाहन के पास से निकल गईं। हालात को देखते हुए SI शरणजीत सिंह ने कैंटर के टायर की दिशा में दो फायर किए, ताकि वाहन रोका जा सके।

इसके बाद कैंटर चालक वाहन को संधौर से महुआखेड़ी गांव की ओर ले गया। अंधेरा होने के कारण तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। कैंटर में ड्राइवर समेत कुल तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में बाबैन थाना में ARMS एक्ट, हरियाणा गो संरक्षण एक्ट, 109(1), 3(5) सहित विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।