खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग का सच, जानें क्‍यूं हुई फायरिंग और पत्‍थरबाजी

पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर कथित फायरिंग की घटना के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। सुरक्षा बढ़ाई गई है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग का सच, जानें क्‍यूं हुई फायरिंग और पत्‍थरबाजी
  • पटना में खान क्लासेस और दूसरे कोचिंग संस्थान के छात्रों के बीच हिंसक झड़प
  • पत्थरबाजी और फायरिंग में खान क्लासेस का सुरक्षा गार्ड घायल
  • पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी

 बिहार के पटना में मुसल्लहपुर हाट के पास प्रतिष्ठित शिक्षक 'खान सर' के कोचिंग संस्थान के बाहर गोलीबारी और पत्थरबाजी हुई। इस घटना में खान क्लासेस के सुरक्षा गार्ड का सिर फट गया है, जिसे अब अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर उस समय हंगामा मच गया, जब दो कोचिंग संस्थानों के छात्रों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना मुसल्लहपुर हाट इलाके की है, जहां खान क्लासेस और ज्ञान बिंदु कोचिंग के छात्रों के बीच टकराव के बाद पत्थरबाजी और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं।

जानकारी के अनुसार विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के छात्रों और कुछ असामाजिक तत्वों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागकर शरण ली।

घटना में खान क्लासेस के सुरक्षा गार्ड के सिर में गंभीर चोट लगी है। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपद्रवियों ने कोचिंग संस्थान के बाहर लगे बैनर और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया।

घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पटना SSP, SP समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है।

कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजेय कुमार ने बताया कि खान क्लासेस की ओर से दी गई शिकायत में दूसरे पक्ष पर फायरिंग का आरोप लगाया गया है। वहीं ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से भी खान क्लासेस से जुड़े लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

घटना के बाद खान सर ने कहा कि कुछ लोगों को उनकी कम फीस और बेहतर परिणामों से परेशानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके ऑफिस में तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज प्रशासन को सौंप दिए गए हैं और सुरक्षा गार्ड ने कुछ लोगों की पहचान भी की है।

खान सर ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि गरीब छात्रों को सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराना उनका उद्देश्य है और इस तरह की घटनाओं से उन्हें डराया नहीं जा सकता।

पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।