करनाल में सेल्फी लेगे दो बच्चे नहर में गिरे, मौ*त
हरियाणा के करनाल जिले में सेल्फी लेने के दौरान दो बच्चे नहर में गिर गए थे। चार दिन की तलाश के बाद दोनों के शव बरामद हुए। प्रतीक और लक्की नाम के दोनों बच्चे आनंद विहार के निवासी थे।
➤ सेल्फी लेने के दौरान करनाल में हादसा
➤ चार दिन बाद नहर से मिले दोनों बच्चों के शव
➤ परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव सौंपे परिजनों को
हरियाणा के करनाल जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सेल्फी लेने के दौरान दो बच्चे नहर में गिरकर डूब गए। चार दिन से लगातार चल रही तलाश के बाद शुक्रवार को दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
यह घटना गांव घोघड़ीपुर के पास हुई थी, जब आनंद विहार निवासी 14 वर्षीय लक्की और 12 वर्षीय प्रतीक अपने एक साथी अमन के साथ नहर किनारे घूमने पहुंचे थे। तीनों दोस्त वहां मस्ती कर रहे थे और मोबाइल से फोटो खींच रहे थे। बताया जाता है कि इस दौरान प्रतीक का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए लक्की ने भी छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों ही बच्चे बह गए।
घटना के बाद से ही परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीमों ने लगातार चार दिन तक तलाश अभियान चलाया। शुक्रवार सुबह दोनों बच्चों के शव नहर से बरामद किए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक बच्चों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पूरी तरह दुर्घटनावश प्रतीत होती है। मोबाइल फोन से सेल्फी लेने के दौरान बच्चों का ध्यान भटक गया और हादसा हो गया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
Author1