CIA हिरासत से भागने के लिए हाईवे पुल से कूदा बदमाश, पैर टूटने पर फिर दबोचा गया
कैथल में CIA हिरासत से भागने के लिए आरोपी ने हाईवे-152D के पुल से छलांग लगा दी। पैर टूटने के बाद पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपियों से अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं।
कैथल में CIA हिरासत से भागने की कोशिश में हाईवे पुल से कूदा बदमाश, पैर टूटा
पुलिस ने घायल आरोपी को दोबारा दबोचा, अस्पताल में कराया भर्ती
दो आरोपियों से अवैध देसी कट्टे बरामद, पूंडरी शराब ठेके पर फायरिंग में भी पूछताछ जारी
कैथल में सीआईए-1 पुलिस की हिरासत से भागने की कोशिश एक बदमाश पर भारी पड़ गई। निशानदेही के दौरान आरोपी ने नेशनल हाईवे-152D के करीब 25 फीट ऊंचे पुल से छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही उसका पैर टूट गया। पुलिस टीम ने तुरंत उसे दोबारा काबू कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के दौरान आरोपी दर्द से चिल्लाता रहा। मेडिकल जांच में उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया था आरोपी।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने प्रेस वार्ता में बताया कि सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हजवाना निवासी सुरेंद्र उर्फ गोलू गांव सिसमौर से पाई नहर पुल के पास अवैध हथियार लेकर किसी का इंतजार कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
निशानदेही के दौरान पुल से लगा दी छलांग।
पूछताछ में सुरेंद्र ने बताया कि उसे यह हथियार एक सप्लायर ने पाई-बरसाना रोड पर दिया था। इसी सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस आरोपी को निशानदेही कराने लेकर गई थी।
इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर हाईवे-152D के पुल से नीचे छलांग लगा दी। हालांकि नीचे गिरते ही उसका पैर टूट गया और वह भाग नहीं सका। पुलिस टीम ने तत्काल उसे दोबारा पकड़ लिया और जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
दूसरा आरोपी भी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार।
डीएसपी ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में सीआईए-1 की टीम ने हाबड़ी निवासी संदीप उर्फ दीपू को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गांव जाम्बा के पास कैथल-करनाल रोड पर अवैध हथियार लेकर खड़ा है।
दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 315 बोर का देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ।
पूंडरी में फायरिंग की वारदात में भी पूछताछ।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सुरेंद्र उर्फ गोलू और संदीप उर्फ दीपू आपस में दोस्त हैं। दोनों पर कुछ दिन पहले पूंडरी क्षेत्र में एक शराब के ठेके पर फायरिंग करने का भी संदेह है।
पुलिस दोनों आरोपियों से इस मामले में भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
pooja