जींद में भट्ठा संचालकों से 2 करोड़ की फिरौती मांग
जींद में भट्ठा संचालकों से लॉरेंस गैंग के नाम पर 2 करोड़ की फिरौती मांगी गई। व्यापारी CM और DGP से मिले, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
■ जींद में भट्ठा संचालकों को लॉरेंस गैंग के नाम पर 2 करोड़ की फिरौती कॉल
■ पीड़ित व्यापारी पहुंचे CM और DGP के पास, सुरक्षा की मांग
■ पुलिस ने केस दर्ज कर नंबर ट्रेसिंग शुरू की, कार्रवाई का आश्वासन
हरियाणा के जींद से भट्ठा संचालकों को लॉरेंस गैंग के नाम पर फिरौती की धमकियां मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लगातार मिल रही कॉल्स से डरे व्यापारी अब सुरक्षा की मांग को लेकर पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सैनी और डीजीपी अजय सिंघल से मिलने पहुंचे। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अपराधी लॉरेंस गैंग का नाम लेकर करोड़ों रुपये की फिरौती मांग रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार जींद के जुलाना क्षेत्र में भट्ठा चलाने वाले रोहतक के टिटौली गांव निवासी अनूप सिंह को 24 मार्च को पहली बार कॉल आई, जिसमें 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। इसके बाद उसी दिन रात करीब 9 बजे उसी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर दोबारा धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए ‘रणदीप मलिक’ नाम से पहचान दी और जल्द पैसे का इंतजाम करने को कहा।लगातार मिल रही धमकियों के कारण भट्ठा संचालक और उनके परिवार में डर का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उस नंबर की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे कॉल की गई थी, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जींद और रोहतक के भट्ठा मालिकों और आढ़तियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें डीजीपी से मिलने के लिए कहा, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से भी मुलाकात की। डीजीपी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।यह घटना एक बार फिर प्रदेश में संगठित अपराध के बढ़ते खतरे और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
shubham