थाने में इनेलो नेता और SHO के बीच हाथापाई, VIDEO वायरल
रोहतक के शिवाजी कॉलोनी थाने में इनेलो प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली और SHO के बीच हाथापाई का पुराना वीडियो वायरल हुआ है। नेता ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है।
रोहतक थाने में इनेलो प्रदेश सचिव और SHO के बीच हाथापाई का VIDEO वायरल
बहस बढ़ने पर कॉलर पकड़ने और लात-घूंसे चलने का आरोप
मंजीत कन्हेली बोले- पार्टी को बदनाम करने के लिए वायरल किया गया पुराना वीडियो
रोहतक में इनेलो के प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई हाथापाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंजीत कन्हेली की शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस के साथ तीखी बहस होती दिखाई दे रही है, जो बाद में हाथापाई में बदल जाती है।
वायरल वीडियो में मंजीत कन्हेली थाने के अंदर SHO से बहस करते नजर आते हैं। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कॉलर पकड़ने से लेकर धक्का-मुक्की और लात-घूंसों तक की नौबत आ गई। हालांकि यह वीडियो करीब नौ महीने पुराना बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी कॉलोनी थाने में एक पंचायत के दौरान किसी मुद्दे पर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
हैरानी की बात यह है कि थाने के अंदर हुए इस विवाद के बावजूद उस समय न तो कोई मामला दर्ज किया गया और न ही वीडियो सार्वजनिक हुआ। अब वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है।
मंजीत कन्हेली पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। उन पर अपनी बहन की हत्या के मामले में केस चल रहा है। आरोप है कि प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद के बाद उन्होंने अपनी बहन की हत्या कर दी थी। यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और मंजीत कन्हेली जमानत पर बाहर हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मंजीत कन्हेली ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि पार्टी की छवि खराब करने के उद्देश्य से पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश भी कर रहे हैं।
मंजीत कन्हेली ने कहा कि यह मामला उसी समय थाने में समाप्त हो गया था। अब इसे दोबारा सामने लाकर इनेलो को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत देने और पार्टी नेतृत्व को जानकारी देने की बात कही है।
pooja