टी-20 वर्ल्ड कप: डेट फाइनल! इस दिन क्रिकेट मैदान में भिड़ेंगे भारत- पाकिेस्‍तान, बनी सहमति

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को मुकाबला होगा। श्रीलंका के राष्ट्रपति और मित्र देशों की अपील के बाद पाकिस्तान सरकार ने बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया।

टी-20 वर्ल्ड कप: डेट फाइनल! इस दिन क्रिकेट मैदान में भिड़ेंगे भारत- पाकिेस्‍तान, बनी सहमति

➤ श्रीलंका के राष्ट्रपति की अपील के बाद पाकिस्तान सरकार ने मानी बात
➤ बांग्लादेश मुद्दे पर बहिष्कार की घोषणा के बाद पलटा फैसला
➤ ICC, PCB और मित्र देशों की बातचीत के बाद बनी सहमति


टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार देर रात अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट जारी कर इसकी पुष्टि की। सरकार ने बताया कि 15 फरवरी 2026 को भारत और पाकिस्तान की टीमें मैदान पर आमने-सामने होंगी। यह फैसला उस समय आया है, जब कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया था।

पाकिस्तान सरकार के मुताबिक, इस फैसले के पीछे श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की अहम भूमिका रही। उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से फोन पर बातचीत कर भारत के खिलाफ मैच खेलने की अपील की थी। राष्ट्रपति दिसानायके ने कहा कि आतंकवाद के कठिन दौर में पाकिस्तान ने श्रीलंका क्रिकेट का समर्थन किया था और उसी भावना के तहत श्रीलंका अब पाकिस्तान से सहयोग की उम्मीद करता है।

पाकिस्तान सरकार की पोस्ट में बताया गया कि श्रीलंका के अलावा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से भारत के खिलाफ मैच खेलने की सिफारिश की थी। इसके बाद ICC, PCB और अन्य मित्र देशों के प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की बैठकों और चर्चाओं के बाद यह फैसला लिया गया।

दरअसल, पाकिस्तान ने 1 फरवरी को बांग्लादेश को टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की थी। हालांकि उसने टूर्नामेंट के बाकी मुकाबले खेलने पर सहमति जताई थी। इस फैसले के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने PCB को पत्र लिखकर चेताया था कि भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होने से राजस्व में भारी नुकसान होगा और टूर्नामेंट की छवि भी प्रभावित होगी।

पोस्ट में यह भी बताया गया कि PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को ICC और BCB के साथ हुई बैठकों की जानकारी दी। इन बैठकों में पाकिस्तान ने भारत से खेलने को लेकर तीन शर्तें रखी थीं, जिनमें ICC रेवेन्यू में हिस्सेदारी बढ़ाना, भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज की बहाली और मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करना शामिल था।

हालांकि, पाकिस्तान मीडिया का दावा है कि उसकी शर्तें मान ली गई हैं, जबकि कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक ICC ने इन मांगों को खारिज कर दिया है। ICC की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, ICC ने यह जरूर साफ किया है कि बांग्लादेश पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा और भविष्य में उसे एक अंतरराष्ट्रीय इवेंट की मेजबानी दी जाएगी।

इस बीच BCCI सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका जाएगी और सभी ICC प्रोटोकॉल का पालन करेगी। भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अंतिम फैसला मैदान पर मौजूद मैच रेफरी के अधिकार क्षेत्र में होगा।