हिसार में 8 यूट्यूबर डूबते-डूबते बचे, वीडियो बनाने का शौक पड़ा भारी

हिसार के लितानी गांव में वीडियो बनाने पहुँचे 8 यूट्यूबर डूबते-डूबते बचे। टैंकर पानी में असंतुलित हुआ, मोबाइल-चप्पल बह गए और एक युवक का पैर फंसकर फ्रैक्चर हो गया।

हिसार में 8 यूट्यूबर डूबते-डूबते बचे, वीडियो बनाने का शौक पड़ा भारी

हिसार के लितानी गांव में 8 यूट्यूबर डूबते-डूबते बचे
➤ वीडियो बनाने के चक्कर में जबरन ट्रैक्टर-टैंकर को जलभराव वाले इलाके में ले गए
मोबाइल-चप्पल पानी में गिरे, एक युवक का पैर फंसा और फैक्चर हुआ


हरियाणा के हिसार जिले के लितानी गांव में जलभराव ने पिछले 8 दिनों से हालात बेहद गंभीर कर दिए हैं। गांव में चार से पांच फीट पानी भरा हुआ है, जिससे कई घर आधे तक डूब चुके हैं। इसी बीच बुधवार को गांव में वीडियो बनाने पहुंचे 8 यूट्यूबरों की जान पर बन आई। सभी एक टैंकर पर चढ़कर गांव की तंग गलियों में गए और पानी में डूबते-डूबते बचे।

ट्रैक्टर को किसी तरह पीछे की ओर ले जाता हुआ चालक।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यू-ट्यूबरों ने टैंकर चालक को जबरन गांव के भीतर जाने के लिए मजबूर किया, जबकि चालक ने उन्हें गहरे पानी में जाने से मना किया था। जैसे ही टैंकर गहरे पानी में पहुंचा, ट्रैक्टर डूबने लगा और पीछे बंधा टैंकर असंतुलित होकर हिलने लगा। इससे सभी यू-ट्यूबर पानी में गिर गए और कुछ दूर तक तैरकर बाहर आए।

गांव की गलियों से होते हुए ट्रैक्टर-टैंकर बाहर निकले। जिसके बाद किसी तरह सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

ट्रैक्टर चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। उसने टैंकर पर सवार युवकों को चुप रहने और स्थिर खड़े रहने के लिए कहा, ताकि गाड़ी और न डगमगाए। इसके बाद वह ट्रैक्टर को आगे की बजाय धीरे-धीरे पीछे की ओर ले गया और आखिरकार उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। हालांकि इस दौरान कई यूट्यूबरों के फोन और चप्पल पानी में बह गए, वहीं एक युवक का पैर टैंकर में फंस गया और उसे फ्रैक्चर हो गया।

यू-ट्यूबर को पानी में उतर कर ही पैदल पार करना पड़ा। जिसके बाद वो अपने मोबाइल फोन से भी वीडियो शूट करता रहा।

ग्रामीण युवकों ने मौके पर पहुंचकर सभी यूट्यूबरों को बाहर निकाला। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पानी में गिरते और खुद को बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।

पानी में गिरी चप्पलें और मोबाइल फोन को हाथ में लेकर बाहर निकलता हुआ यू-ट्यूबर।

बता दें कि इससे पहले भी चार दिन पहले गांव बधावड़ में एक यूट्यूबर पानी में गिर गया था, जब वह वीडियो बनाने के लिए नाव पर चढ़ा था। लगातार ऐसे हादसों से स्थानीय लोग नाराज हैं और यूट्यूबरों को चेतावनी दी है कि जान जोखिम में डालकर कंटेंट बनाने की कोशिश न करें