हिसार में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के घर लगी, आग मां और पत्नी ने पड़ोसी की छत पर कूदकर बचाई जान
हिसार में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के घर आग लग गई। शॉर्ट सर्किट की आशंका के बीच उनकी मां और पत्नी पड़ोसी की छत से सुरक्षित निकाली गईं।
- हिसार में पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के घर लगी आग
- मां और पत्नी पड़ोसी की छत पर कूदकर बचीं
- शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, ड्राइंग रूम पूरी तरह जला
हरियाणा के हिसार में रविवार शाम पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के घर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग उनके घर के ड्राइंग रूम में लगी और देखते ही देखते तेजी से फैल गई। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर ही मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे घर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग लगने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। डॉ. कमल गुप्ता ने बताया कि उस समय उनकी पत्नी और मां घर के दूसरे कमरे में थीं।
आग तेजी से फैलते हुए सीढ़ियों तक पहुंच गई, जिससे बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। हालात बिगड़ते देख उनकी पत्नी और मां ने पड़ोसी के घर की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई। बाद में उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने तुरंत दमकल विभाग को जानकारी दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग की वजह से ड्राइंग रूम में रखा फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर डायल-112 और पुलिस टीम भी पहुंची और हालात का जायजा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
डॉ. कमल गुप्ता ने बताया कि ड्राइंग रूम बंद था और अचानक आग लग गई। उन्होंने तुरंत परिवार को बाहर निकालने की कोशिश की और पड़ोसी की मदद से पत्नी व मां को सुरक्षित बचा लिया गया।
Akhil Mahajan