किसान अब विदेश में बेच सकेंगे फल- सब्जियां, हरियाणा से दुबई के लिए इंटरनेशनल कारगो फ्लाइट शुरू होने की तैयारी
हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से जल्द ही इंटरनेशनल कारगो सेवा दुबई के लिए शुरू होगी। किसानों को विदेशी बाजार तक पहुंचने में सुविधा होगी। एयरपोर्ट को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया गया है।
➤ हिसार एयरपोर्ट से दुबई के लिए इंटरनेशनल कारगो सेवा शुरू करने के प्रयास तेज
➤ किसान विदेशी बाजार तक फल-सब्जियां पहुंचा सकेंगे, एक्सपोर्ट में आएगा सुधार
➤ एयरपोर्ट में आधुनिक तकनीक जैसे डॉपलर वीओआर व इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम स्थापित
हरियाणा: हरियाणा के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा, हिसार से जल्द ही इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू हो सकती है। इसके लिए हरियाणा सरकार ने केंद्र से बातचीत तेज कर दी है। नागरिक उड्डयन विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी कुमार ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को इस बारे में जानकारी दी है।
यह फ्लाइट हिसार से दुबई के बीच कारगो सेवा के रूप में प्रारंभ की जाएगी, जो हरियाणा के एयरपोर्ट से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान होगी। इससे किसानों को अपनी उपज को विदेश तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। किसान अब आसानी से फल व सब्जियों को कारगो जहाज के माध्यम से विदेश में बेच सकेंगे। इससे पहले अन्य एयरपोर्ट पर कारगो सेवा शुरू हो चुकी है, लेकिन हिसार एयरपोर्ट पर भी यह सेवा शुरू होने से किसानों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
हिसार हवाई अड्डे को आधुनिक तकनीक से लैस किया जा चुका है। डॉपलर वीओआर प्रणाली के जरिए न्यूनतम दृश्यता में विमान संचालन की सुविधा मिली है। पहले जहां न्यूनतम दृश्यता 5000 मीटर थी, अब यह घटकर 2800 मीटर हो गई है। इसके अतिरिक्त इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम की स्थापना से रात में भी विमान लैंडिंग संभव होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि हिसार को औद्योगिक, लॉजिस्टिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा बनने के साथ-साथ हाल ही में 2988 एकड़ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की परियोजना पर स्टेट स्पोर्ट एग्रीमेंट और शेयरहोल्डर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस परियोजना की लागत 4680 करोड़ रुपए है, जिससे लगभग 1 लाख 25 हजार रोजगार सृजित होंगे।
इस योजना से न केवल हिसार, बल्कि आसपास के क्षेत्र में भी औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी और देश-विदेश के बीच व्यापार संबंध मजबूत होंगे।