हिमाचल में बारिश और बर्फबारी , मनाली में बर्फ में फंसे सैक‍ड़ों वाहन, 6 दिन खराब रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में डेढ़ महीने बाद बारिश और बर्फबारी से मौसम बदल गया है। मनाली के साउथ पोर्टल के पास भारी बर्फबारी से करीब 1000 वाहन फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस और प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

हिमाचल में बारिश और बर्फबारी ,  मनाली में बर्फ में फंसे  सैक‍ड़ों  वाहन, 6 दिन खराब रहेगा मौसम

डेढ़ महीने बाद हिमाचल में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
मनाली के साउथ पोर्टल के पास भारी बर्फबारी से करीब 1000 वाहन फंसे
मौसम विभाग का अलर्ट, अगले 6 दिन तक बारिश-बर्फबारी और आंधी-तूफान की संभावना


हिमाचल प्रदेश में करीब डेढ़ महीने से जारी ड्राई स्पेल रविवार को आखिरकार टूट गया। दोपहर बाद प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। मौसम में आए इस बदलाव से राज्य में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई और लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से राहत मिली।

राजधानी शिमला और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। अचानक बदले मौसम ने पूरे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ा दिया है और कई जगह लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इससे पहले तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक चल रहा था।

जिलों के अनुसार तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट ऊना में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री गिरकर 23.4 डिग्री रह गया। कसौली में 10.1 डिग्री की गिरावट के बाद 13.3 डिग्री, चंबा में 9.8 डिग्री गिरकर 16.7 डिग्री, मनाली में 6.6 डिग्री गिरकर 15 डिग्री और शिमला में 5.5 डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मनाली में बर्फबारी से 1000 वाहन फंसे

इसी बीच मनाली के साउथ पोर्टल क्षेत्र के पास अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण करीब एक हजार से अधिक वाहन बर्फ में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा स्वयं पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी वाहनों और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से मनाली की ओर निकालने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

1000 Vehicles Stranded in Manali Due to Snowfall

बर्फ हटाने के लिए मिट्टी और यूरिया का इस्तेमाल

सड़क पर जमी मोटी बर्फ को हटाने के लिए बीआरओ और अन्य एजेंसियों की मदद ली जा रही है। सड़क को जल्दी साफ करने के लिए बर्फ पर मिट्टी डाली जा रही है और जरूरत पड़ने पर यूरिया खाद का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि बर्फ तेजी से पिघल सके और फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

1000 Vehicles Stranded in Manali Due to Snowfall

अगले 6 दिन खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है। सोमवार को भी कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 18 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 18 से 20 मार्च के बीच प्रदेश में फिर से अच्छी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने 21 मार्च तक लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है।