सितंबर तक हिमाचल में खनन पूरी तरह बंद,उद्योग मंत्री का बड़ा ऐलान
हिमाचल सरकार ने सितंबर तक खनन गतिविधियों पर पूर्ण रोक जारी रखने की बात कही है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बल्क ड्रग पार्क परियोजना की प्रगति और राम मंदिर मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
हिमाचल में सितंबर तक खनन गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध, अवैध खनन पर सख्ती जारी
बल्क ड्रग पार्क परियोजना का 15-20% काम पूरा, सड़क और बुनियादी ढांचे पर तेजी
राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के मुद्दे पर उद्योग मंत्री ने भाजपा को घेरा
शिमला। हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राज्य में अवैध खनन के खिलाफ सरकार के सख्त रुख को दोहराते हुए कहा कि सितंबर माह तक प्रदेश में खनन गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार अवैध खनन के मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल-पंजाब सीमा पर जहां भी अवैध खनन की शिकायतें मिलती हैं, वहां संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाती है। उनका कहना था कि सरकार किसी भी स्तर पर अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं करेगी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
बल्क ड्रग पार्क परियोजना को लेकर मंत्री ने बताया कि परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 15 से 20 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष टेंडर प्रक्रियाओं को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि परियोजना क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ा लगभग 75 प्रतिशत और पानी की व्यवस्था से संबंधित करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण के लिए धनराशि जारी कर दी गई है और क्षेत्र में डबल लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा।
राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए हर्षवर्धन चौहान ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर पूरे देश और करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है, किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं है।
उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या चोरी स्वीकार नहीं की जा सकती। मंत्री का कहना था कि ऐसे मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है।
उद्योग मंत्री ने आरोप लगाया कि राम के नाम पर राजनीति की गई और वोट मांगे गए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर किसी भी राजनीतिक दल का ट्रेडमार्क नहीं है और कांग्रेस को भी इस मुद्दे पर सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास भगवान राम का कोई कॉपीराइट नहीं है।
मंत्री के इन बयानों के बाद प्रदेश में अवैध खनन, बल्क ड्रग पार्क परियोजना और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
pooja