जेल में अचानक भड़का बवाल, कैदियों और स्टाफ के बीच खूनी झड़प; 8 घायल

धर्मशाला जेल में अस्पताल भेजने को लेकर कैदियों और स्टाफ के बीच विवाद के बाद हिंसक झड़प हो गई। चार कैदी और चार कर्मचारी घायल हुए।

जेल में अचानक भड़का बवाल, कैदियों और स्टाफ के बीच खूनी झड़प; 8 घायल

अस्पताल भेजने को लेकर शुरू हुई बहस मारपीट में बदली
चार कैदी और चार जेल कर्मचारी घायल
क्रॉस एफआईआर के बाद CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस


धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित लाला लाजपतराय जिला मुक्त एवं सुधार गृह कांगड़ा में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कैदियों और जेल स्टाफ के बीच चल रही बातचीत अचानक विवाद में बदल गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना में चार कैदी और चार जेल कर्मचारी घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना की शुरुआत अस्पताल भेजने के लिए गार्द लगाए जाने को लेकर हुई बातचीत से हुई थी। रविवार दोपहर करीब 12 बजे कैदियों की ओर से अस्पताल भेजने के लिए गार्द लगाए जाने की मांग को लेकर जेल प्रबंधन से बातचीत चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

झड़प के दौरान कांच की खिड़की टूटने की भी बात सामने आई है। आरोप है कि कांच के टूटे हुए टुकड़ों से भी एक-दूसरे पर वार किए गए। अचानक हुए इस विवाद में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आईं।

चार जेल कर्मचारी भी घायल

घटना में घायल जेल कर्मचारियों की पहचान हेड कांस्टेबल राकेश वर्मा, सूरज, अजीत और शिवराम के रूप में हुई है। सभी को उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा भेजा गया।

वहीं घायल कैदियों का उपचार और मेडिकल जोनल अस्पताल धर्मशाला में करवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही धर्मशाला पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर

पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें दी गई हैं। शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।

धर्मशाला पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस तरह हुई और मारपीट के दौरान घटनाक्रम किस क्रम में आगे बढ़ा। पुलिस द्वारा CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सके।

दो महीने पहले भी जेल में हुई थी कैदी की मौत

इस जेल से जुड़ा एक अन्य मामला भी करीब दो महीने पहले सामने आया था। उस समय जेल में एक कैदी की मौत हो गई थी। मृतक कैदी के स्वजनों ने इसके बाद उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया था और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इस मामले की जांच न्यायाधीश द्वारा की जा रही है।

अब एक बार फिर जेल परिसर में कैदियों और कर्मचारियों के बीच हुई हिंसक झड़प ने जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

अधिकारियों ने क्या कहा

जिला कारागार धर्मशाला के कार्यकारी प्रभारी एवं सहायक उप अधीक्षक राजेश के अनुसार, पुलिस थाना धर्मशाला को घटना की सूचना दी गई है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिलने के बाद क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

धर्मशाला के SHO नारायण सिंह के अनुसार, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी।