हरियाणा के 6 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, 15 मई के बाद बढ़ेगी गर्मी
हरियाणा के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं के बीच मौसम विभाग ने आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। 15 मई के बाद प्रदेश में लू चलने की संभावना जताई गई है।
हरियाणा के 6 जिलों में आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट
15 मई के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी, लू चलने की संभावना
बारिश और तेज हवाओं के बीच किसानों को जारी की गई एडवाइजरी
हरियाणा में बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और हवाओं का असर देखने को मिला। जींद, हिसार, पानीपत, करनाल, कैथल और फतेहाबाद में सुबह बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में आज आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, यमुनानगर और पंचकूला में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि 15 मई से प्रदेश में मौसम फिर से शुष्क होने लगेगा। इसके बाद अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसी के साथ हरियाणा में एक बार फिर लू चलने की संभावना बन रही है।
मंगलवार को सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 42.4 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 42.2 डिग्री, चरखी दादरी में 41.7 डिग्री, रोहतक में 41.1 डिग्री और भिवानी में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के छह जिलों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ सकता है।
हरियाणा में अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबाला में 26.5 डिग्री और सिरसा में 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। करनाल और चंडीगढ़ में रात का तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी विशेष एडवाइजरी जारी की है। अगले तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए किसानों को फिलहाल कपास की बुवाई टालने की सलाह दी गई है।
जिन किसानों की गेहूं और जौ की फसल पक चुकी है, उन्हें जल्द कटाई और थ्रेसिंग करने को कहा गया है। तेज हवाओं को देखते हुए गेहूं के भूसे को सुरक्षित स्थान पर ढककर रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा सब्जियों और अन्य फसलों में फिलहाल सिंचाई रोकने को कहा गया है। पशुपालकों को भी पशुओं को शेड के नीचे रखने और मच्छरों से बचाव के इंतजाम करने की सलाह दी गई है।
pooja