हरियाणा में मौसम ने ली करवट, बूंदाबांदी और बारिश से बदला माहौल
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में बारिश और बूंदाबांदी हो रही है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
■ पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा में बदला मौसम, कई जिलों में बूंदाबांदी
■ हिसार, सोनीपत, रोहतक समेत कई जगह सुबह हुई बारिश, 12 जिलों में अलर्ट
■ भिवानी में सबसे कम न्यूनतम तापमान, आज और गिर सकता है पारा
हरियाणा में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। सोमवार सुबह से ही प्रदेश के कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी शुरू हो गई है। कई जिलों में अल सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के करीब 12 जिलों में दिनभर बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। सोमवार तड़के हिसार, सोनीपत और रोहतक में कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में भी कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना जताई गई है।रविवार को जहां प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, वहीं यह अब भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान भिवानी में 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य जिलों में यह 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान की बात करें तो भिवानी में सबसे कम 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ गई है।मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और बादलों की वजह से सोमवार को अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को दिन के समय पड़ रही गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बदलते मौसम के चलते स्वास्थ्य पर असर पड़ने की संभावना भी जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
shubham