हरियाणा में बदला मौसम, कई जिलों में आंधी-बारिश का असर

हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। पंचकूला-अंबाला समेत कई जिलों में आंधी और बारिश हुई। मौसम विभाग ने 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा में बदला मौसम, कई जिलों में आंधी-बारिश का असर

हरियाणा में मौसम ने बदली करवट, पंचकूला-अंबाला में आंधी और बारिश

8 जिलों में मौसम विभाग का यलो अलर्ट, 5 मई तक खराब रहेगा मौसम

हिसार 41.1°C के साथ सबसे गर्म, बारिश के बाद गर्मी से राहत के आसार

हरियाणा में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदल ली। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, बादलों और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। अंबाला में सुबह आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि पंचकूला में घने बादल छाए रहे। यमुनानगर और अंबाला में सुबह के समय ही घना अंधेरा छा गया, जिससे मौसम पूरी तरह बदला-बदला नजर आया।

दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट में भी सुबह हल्के बादल दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसका असर अगले तीन दिनों तक देखने को मिलेगा। इसी के चलते कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, यमुनानगर और पंचकूला शामिल हैं। विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

देर रात हिसार में भी तेज आंधी चली। वहीं कई इलाकों में धूलभरी हवाओं के कारण विजिबिलिटी प्रभावित हुई। मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन उमस बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि-मौसम विज्ञान विभाग के HOD डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 3 मई से 5 मई तक प्रदेश में मौसम लगातार बदलता रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हरियाणा में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है।

हालांकि मौसम में बदलाव के बीच तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा। हिसार 41.1°C तापमान के साथ हरियाणा का सबसे गर्म शहर रहा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 और 5 मई को बारिश और संभावित ओलावृष्टि के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 3.1°C बढ़ा है। रोहतक और सोनीपत में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुग्राम में रात का तापमान 30°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 5 मई तक प्रदेश में आंशिक बादल और बदला हुआ मौसम बना रह सकता है। इसके बाद बारिश होने पर तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।