हरियाणा के 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 23 जून तक बदलेगा मौसम
हरियाणा के 9 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में पिछले सप्ताह सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।
हरियाणा के 9 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी
19 से 23 जून तक मौसम में बदलाव, दो पश्चिमी विक्षोभ दिखाएंगे असर
पिछले सप्ताह सामान्य से 50% अधिक बारिश, पलवल में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज और कल मौसम खराब रह सकता है। वहीं 22 जून से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 22 और 23 जून को भी कई क्षेत्रों में मौसम प्रभावित रहेगा।
इस बीच हरियाणा के औसत तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार को प्रदेश का औसत तापमान पिछले दिन की तुलना में 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में जून के महीने के दौरान सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 18 जून तक हरियाणा में 26.4 एमएम बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 24.9 एमएम मानी जाती है। इस प्रकार प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
यदि केवल पिछले एक सप्ताह यानी 12 जून से 18 जून के बीच की बात करें तो इस दौरान सामान्य 13.5 एमएम के मुकाबले 20.2 एमएम बारिश हुई। यह सामान्य से करीब 50 प्रतिशत अधिक है।
जिलावार आंकड़ों में पलवल सबसे आगे रहा। यहां सामान्य 11.4 एमएम के मुकाबले 23.6 एमएम बारिश दर्ज की गई, जो 107 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा फतेहाबाद में 92 प्रतिशत, महेंद्रगढ़ में 92 प्रतिशत, रेवाड़ी में 79 प्रतिशत, हिसार में 75 प्रतिशत और भिवानी में 71 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
दूसरी ओर कुछ जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। अंबाला में इस जून सबसे कम बारिश दर्ज की गई। यहां केवल 16.2 एमएम बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर 55.3 एमएम बारिश का अनुमान था। इसके अलावा यमुनानगर में 56 प्रतिशत, कैथल में 51 प्रतिशत, पंचकूला में 44 प्रतिशत और रोहतक में 33 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा में 23 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहने और हवाओं की दिशा में बदलाव देखने को मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की ओर बढ़ेगा तथा राजस्थान और पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 19 जून की रात से 20 जून के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।
इसके बाद 22 और 23 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। दिन के तापमान में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
pooja