हरियाणा में गर्मी से राहत, 6 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
हरियाणा के 6 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी है। तापमान में गिरावट दर्ज हुई है, जबकि 2 मई से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होगा।
हरियाणा के 6 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी
■ न्यूनतम तापमान में 1.2°C की गिरावट, भिवानी सबसे गर्म रहा
■ 2 मई से फिर एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ, तेज हवाओं की संभावना
हरियाणा में अप्रैल के अंतिम दिन मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छा गए हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत महसूस हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, सोनीपत और पानीपत जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सोनीपत में सबसे कम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि भिवानी में न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार को हुई बारिश और बूंदाबांदी के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जिससे यह सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
हालांकि प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस नूंह के बोपानी में दर्ज किया गया। वहीं नारनौल में 36.5 डिग्री, हिसार में 38.6 डिग्री, सिरसा में 38.2 डिग्री और भिवानी में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल के बाद 2 से 5 मई के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है। फिर नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में दोबारा गिरावट आ सकती है।
विशेषज्ञों ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है। आने वाले दिनों में हरियाणा में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
pooja