हरियाणा के गांवों के विकास को मिली रफ्तार, CM सैनी ने जारी किए 2697 करोड़
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सशक्त पंचायत समारोह में 2697 करोड़ रुपये की विकास एवं कल्याण योजनाएं जारी कीं। पंचायतों को 1056 करोड़ रुपये और ODF Plus गांवों का लक्ष्य घोषित किया।
CM नायब सैनी ने गांवों के विकास और कल्याण योजनाओं के लिए 2697 करोड़ रुपये जारी किए
1056.75 करोड़ रुपये सीधे पंचायतों के खातों में ट्रांसफर किए गए
2 अक्टूबर 2026 तक सभी गांवों को ODF Plus मॉडल गांव बनाने का लक्ष्य
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सशक्त पंचायत समारोह में प्रदेश के गांवों के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत गांव ही समृद्ध और आत्मनिर्भर हरियाणा की नींव हैं। इसी सोच के तहत सरकार लगातार पंचायतों को सशक्त बनाने और ग्रामीण विकास को गति देने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव किसी योजना का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि विकास का पहला केंद्र हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए प्रदेशवासियों को बधाई दी।
2697 करोड़ रुपये की राशि जारी
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी और विकास योजनाओं के तहत कुल 2697 करोड़ रुपये जारी किए। इनमें दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की आठवीं किस्त के रूप में 207.75 करोड़ रुपये, हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 19.75 करोड़ रुपये तथा 35.76 लाख लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में 1151.51 करोड़ रुपये सीधे खातों में भेजे गए।
इसके अलावा ओबीसी और डीएनटी वर्ग के 25,729 विद्यार्थियों को 23.17 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और दयालु योजना के तहत 4538 परिवारों को 169.50 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
पंचायतों को मिले 1056.75 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने के लिए 1056.75 करोड़ रुपये सीधे पंचायती राज संस्थाओं के खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। इससे गांवों में आधारभूत सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को मजबूती मिलेगी।
इस दौरान 17 जिलों के 179 गांवों की फिरनियों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना का उद्घाटन किया गया। साथ ही 44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 350 अटल लाइब्रेरी भी प्रदेशवासियों को समर्पित की गईं।
उत्कृष्ट पंचायतों को मिला सम्मान
समारोह में विकास, स्वच्छता और सुशासन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली छह ग्राम पंचायतों को जागृत ग्राम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इन पंचायतों को कुल 1.66 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
साथ ही पंचायती राज मंत्रालय के सहयोग से प्रकाशित पुस्तक ‘धर्मक्षेत्रे कुरुक्षेत्रे’ का विमोचन भी किया गया।
2026 तक सभी गांव होंगे ODF Plus
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 2 अक्टूबर 2026 तक हरियाणा के सभी गांवों को ODF Plus मॉडल गांव बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में ग्राम विकास के लिए 8704 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं को 10 प्रमुख विभागों के कार्य सौंपे हैं और उनकी भागीदारी लगातार बढ़ाई जा रही है।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 से 2025 के बीच प्रदेश के 23,930 किसानों ने प्राकृतिक खेती अपनाई है। सरकार इस दिशा में कई योजनाएं चला रही है।
इसी क्रम में चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से कुरुक्षेत्र जिले में 2001 एकड़ क्षेत्र में स्मार्ट एग्रीकल्चर योजना शुरू की जाएगी।
नशा मुक्त हरियाणा का आह्वान
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से नशा मुक्त हरियाणा अभियान में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सरकार ने मानस पोर्टल भी शुरू किया है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जितने जागरूक गांव और जितनी सशक्त पंचायतें होंगी, हरियाणा उतना ही समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनेगा।
pooja