हीटवेव के कहर के बीच हरियाणा के स्कूलों की छुट्टियां 6 दिन पहले घोषित, 25 से प्रदेश में समर वेकेशन लागू, 23 मई आखिरी स्कूल डे

हरियाणा में भीषण गर्मी और हीटवेव के चलते सरकार ने 25 मई से स्कूलों में समर वेकेशन घोषित कर दी है। CM नायब सैनी और शिक्षा मंत्री की बैठक में यह फैसला लिया गया।

हीटवेव के कहर के बीच  हरियाणा के स्कूलों की छुट्टियां 6 दिन पहले घोषित, 25  से प्रदेश में समर वेकेशन लागू, 23 मई आखिरी स्कूल डे

➤ हरियाणा में भीषण गर्मी और लू के चलते स्कूलों की छुट्टियां 6 दिन पहले घोषित
➤ 25 मई से पूरे प्रदेश में समर वेकेशन लागू, 23 मई होगा आखिरी स्कूल डे
➤ CM नायब सैनी और शिक्षा मंत्री की हाई लेवल मीटिंग में लिया गया फैसला


हरियाणा में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेशभर के स्कूलों में 25 मई 2026 से गर्मी की छुट्टियां शुरू होंगी। पहले यह छुट्टियां 1 जून से प्रस्तावित थीं, लेकिन मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सरकार ने छुट्टियां 6 दिन एडवांस करने का निर्णय लिया है।

बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक चली अहम बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में शिक्षा विभाग और मौसम विभाग की रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसके बाद बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समर वेकेशन पहले शुरू करने पर सहमति बनी।

सरकार के इस फैसले के बाद अब छात्रों को 24 मई रविवार होने के कारण केवल 23 मई शनिवार तक ही स्कूल जाना होगा। इसके बाद प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टियां लागू हो जाएंगी।

प्रदेश में इस समय गर्मी के हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने हरियाणा में पहली बार भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। बुधवार को रोहतक सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9°C दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज हो सकता है। खासतौर पर 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के दौरान प्रदेश में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। नौतपा 2 जून तक रहेगा और इस दौरान लू का असर सबसे अधिक माना जाता है।

मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। विभाग ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

सरकार का मानना है कि स्कूलों की छुट्टियां पहले करने से बच्चों को राहत मिलेगी और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम कम होंगे। इसके साथ ही बिजली और परिवहन पर भी दबाव कम पड़ेगा।

बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्कूलों की स्थिति, तापमान के आंकड़े और छात्रों की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर प्रस्तुति दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से छुट्टियों को एडवांस करने के निर्देश दिए।

अब शिक्षा विभाग की ओर से जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किए जाने की संभावना है, जिसके बाद सभी स्कूलों को नई समय-सारिणी भेज दी जाएगी।