हरियाणा के 6 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, जुलाई के पहले हफ्ते में पहुंचेगा मानसून
हरियाणा के 6 जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून प्रदेश में प्रवेश करेगा।
हरियाणा के 6 जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी
40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना
जुलाई के पहले सप्ताह में हरियाणा में मानसून की एंट्री होने का अनुमान
हरियाणा में पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्री-मानसून गतिविधियों के प्रभाव से 22 जून से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 6 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली चमकने का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने के भी आसार हैं। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान लगाया गया है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में इस बार मानसून की एंट्री जुलाई के पहले सप्ताह में होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून उत्तर प्रदेश की दिशा से हरियाणा में प्रवेश करेगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जून महीने के दौरान लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहे हैं, जिसके कारण प्रदेश में मौसम बार-बार बदलता रहा है। इसी वजह से कई क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।
मौसम विभाग ने 26 जून के लिए भी राहत भरी खबर दी है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। इन क्षेत्रों में छिटपुट स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
हालांकि दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा के अधिकांश इलाकों में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। विभाग का अनुमान है कि 27 और 28 जून से पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क हो सकता है।
बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। फरीदाबाद प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा रोहतक और सिरसा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तथा अंबाला में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं रात के न्यूनतम तापमान में भी 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज हुई है।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे वहां रात का मौसम फिलहाल सामान्य बना हुआ है।
pooja