पुलिस कांस्टेबल के 5500 पदों की भर्ती में PMT-PST डेट का फर्जी नोटिस वायरल, HSSC ने की यह अपील

हरियाणा पुलिस 5500 कांस्टेबल भर्ती में PMT-PST की तिथि को लेकर वायरल नोटिस को HSSC चेयरमैन ने फेक बताया है। आयोग ने कहा है कि जल्द ही आधिकारिक तारीख जारी की जाएगी।

पुलिस कांस्टेबल के 5500 पदों की भर्ती में PMT-PST डेट का फर्जी नोटिस वायरल, HSSC ने की यह अपील


➤ HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया नोटिस पूरी तरह फेक
➤ 3 लाख अभ्यर्थी तैयारी में जुटे, आयोग जल्द जारी करेगा शेड्यूल


हरियाणा में पुलिस कांस्टेबल के 5500 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के बीच PMT और PST की तिथि को लेकर एक कथित नोटिस सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे लाखों अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने इसे पूरी तरह फेक करार देते हुए स्पष्ट किया है कि आयोग की ओर से अभी तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक तिथि घोषित नहीं की गई है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर युवाओं से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना पर भरोसा करने की अपील की है।

वायरल नोटिस में दावा किया गया था कि विज्ञापन संख्या 01/2026, श्रेणी 01 के अंतर्गत पुरुष कांस्टेबल (GD) पद के लिए शारीरिक माप परीक्षण (PMT) 28 मार्च से आयोजित किया जाएगा। साथ ही यह भी लिखा गया था कि चयनित उम्मीदवारों का विवरण, परीक्षा की तिथि व समय और प्रवेश पत्र डाउनलोड करने का लिंक आयोग की वेबसाइट पर जल्द प्रकाशित किया जाएगा। लेकिन HSSC ने स्पष्ट कर दिया है कि यह नोटिस आधिकारिक नहीं है और इसे प्रसारित करना भ्रामक है।

चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि आयोग बहुत जल्द PMT और PST की वास्तविक तिथियां घोषित करेगा। उन्होंने युवाओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए लिखा कि प्रदेश भर में अभ्यर्थी सुबह-शाम मैदानों में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। गांव-गांव में युवा दौड़ लगाते और अभ्यास करते नजर आ रहे हैं, जो हरियाणा के अनुशासन और परिश्रम की पहचान है।

इस भर्ती के लिए करीब 3 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 की रात 11:59 बजे तक पूरी की गई। यह हरियाणा की अब तक की सबसे बड़ी पुलिस भर्तियों में से एक है। इससे पहले 5061 पदों पर भर्ती हुई थी, जबकि इस बार सरकार ने 5500 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर युवाओं को बड़ा अवसर दिया है।

फिलहाल आयोग की ओर से स्पष्ट संदेश है कि किसी भी प्रकार की फर्जी सूचना पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट व सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से जारी अपडेट पर ही भरोसा करें।