हरियाणा में नगर निकाय चुनाव का ऐलान, 10 मई को वोटिंग

हरियाणा में नगर निकाय चुनाव का ऐलान हो गया है। 10 मई को वोटिंग और 13 मई को नतीजे आएंगे। तीन नगर निगमों में मेयर का चुनाव होगा।

हरियाणा में नगर निकाय चुनाव का ऐलान, 10 मई को वोटिंग

हरियाणा में नगर निकाय चुनाव का ऐलान, 10 मई को वोटिंग
सोनीपत, पंचकूला और अंबाला में मेयर का चुनाव
13 मई को रिजल्ट, साथ में पंचायत उपचुनाव भी होंगे


हरियाणा में सोमवार को नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। हरियाणा चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार 10 मई को वोटिंग होगी, जबकि 13 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे

राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने बताया कि इस बार सोनीपत, पंचकूला और अंबाला नगर निगम में मेयर का चुनाव कराया जाएगा। इसके साथ ही पंचायतों के उपचुनाव भी इसी दिन होंगे, जिससे चुनावी गतिविधियां पूरे प्रदेश में तेज हो गई हैं।

पंचायती राज उपचुनाव के तहत पानीपत और करनाल में जिला परिषद के 1-1 वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्य, 29 सरपंच और 485 पंचों के लिए मतदान होगा। खास बात यह है कि पंचायत चुनाव के नतीजे उसी दिन यानी 10 मई को घोषित कर दिए जाएंगे

चुनाव के ऐलान के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जहां-जहां चुनाव होंगे, वहीं यह लागू रहेगी। चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के तबादलों पर भी रोक लगा दी गई है।

इस बार वोटिंग EVM मशीनों से होगी, लेकिन VVPAT का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। साथ ही NOTA (None of the Above) का विकल्प तो रहेगा, लेकिन अब इससे चुनाव परिणाम प्रभावित नहीं होंगे। यानी सबसे ज्यादा वोट पाने वाला उम्मीदवार ही विजेता माना जाएगा।


  • नगर निगम: सोनीपत, पंचकूला, अंबाला
  • नगर परिषद: रेवाड़ी
  • नगर पालिका: सांपला (रोहतक), उकलाना (हिसार), धारूहेड़ा (रेवाड़ी)

नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी ने अपनी-अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दोनों दलों ने संबंधित शहरों के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी तेज हो गई है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि उनकी पार्टी मेयर चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। हालांकि पंचकूला में पार्टी के भीतर गुटबाजी की स्थिति भी सामने आ रही है, जिससे समीकरण बदल सकते हैं।


पंचकूला में पिछली बार भारतीय जनता पार्टी के कुलभूषण गोयल ने जीत दर्ज की थी। अंबाला में भी बीजेपी की शैलजा संदीप सचदेवा ने कांग्रेस को हराया था। वहीं सोनीपत में उपचुनाव के दौरान बीजेपी के राजीव जैन ने बड़ी जीत हासिल की थी।