हरियाणा में मानसून एक्टिव, 2 दिन तेज बारिश का अलर्ट
हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि प्रदेश में अब तक सामान्य से 27% कम बारिश दर्ज हुई है।
हरियाणा में मानसून फिर हुआ एक्टिव, अगले दो दिन तेज बारिश की चेतावनी
यमुनानगर, पंचकूला और फरीदाबाद में हुई झमाझम बारिश
आधे मानसून सीजन में प्रदेश में सामान्य से 27% कम बारिश दर्ज
हरियाणा में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में अगले दो दिनों तक तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार सुबह यमुनानगर, पंचकूला और फरीदाबाद में कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
हालांकि, राहत की बारिश के बावजूद इस बार मानसून अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं बरसा है। 1 जून से 26 जुलाई 2026 तक हरियाणा में कुल 134.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत कम है। वहीं जुलाई महीने में अब तक 95.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 130.2 मिमी है। यानी जुलाई में भी प्रदेश में 26 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
IMD के आंकड़ों के अनुसार कई जिलों में सामान्य या उससे अधिक बारिश हुई है। महेंद्रगढ़ में 185.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 3 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा रेवाड़ी, चरखी दादरी, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र और करनाल सहित कई जिलों में बारिश सामान्य श्रेणी में बनी हुई है।
वहीं कई जिलों में अब भी बारिश का बड़ा घाटा बना हुआ है। सबसे अधिक कमी जींद और सिरसा में दर्ज की गई है। दोनों जिलों में अब तक सामान्य से 62 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसके अलावा रोहतक और अंबाला में 61-61 प्रतिशत, कैथल में 47 प्रतिशत, सोनीपत में 38 प्रतिशत, हिसार में 35 प्रतिशत और यमुनानगर में 34 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम के साथ तापमान में भी बदलाव देखने को मिला। सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान सोनीपत के कैनाल रेस्टहाउस सरगथल में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा हिसार में 38.6°C, भिवानी में 38.5°C, रोहतक में 38.2°C और फरीदाबाद के बोपानी क्षेत्र में 38.1°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मंगलवार को न्यूनतम तापमान में औसतन 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। करनाल और नारनौल प्रदेश के सबसे ठंडे जिले रहे, जहां न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सिरसा में 29.2°C के साथ सबसे गर्म रात दर्ज हुई। इसके अलावा हिसार में 28.8°C, रोहतक में 28.4°C, फतेहाबाद में 28.1°C और गुरुग्राम में 26°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
pooja