हरियाणा में डेयरी और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा, CM सैनी की 5 बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डेयरी क्षेत्र और महिला सशक्तिकरण के लिए पांच बड़ी घोषणाएं की हैं। दूध उत्पादकों की प्रोत्साहन राशि बढ़ाई गई है और महिला समूहों को नई सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डेयरी क्षेत्र और महिला सशक्तिकरण के लिए 5 बड़ी घोषणाएं कीं
महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला सीएम पैक्स को दूध पर ₹10 प्रति लीटर प्रोत्साहन मिलेगा
डेयरी किसानों के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ी, गांवों में 'सांझी डेयरी' भी स्थापित होगी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डेयरी क्षेत्र, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और सहकारिता आंदोलन को गति देने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वीटा को दूध उपलब्ध कराने वाले महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला सीएम पैक्स (CMPACS) को ₹10 प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस फैसले से ग्रामीण महिलाओं को डेयरी व्यवसाय से अधिक आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा और महिला समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
सरकार ने गांवों में पंचायत भूमि पर 'सांझी डेयरी' स्थापित करने का भी फैसला लिया है। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य महिलाओं के पशुओं के लिए आधुनिक सामुदायिक डेयरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे पशुपालन के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा तैयार होगा और महिलाओं को डेयरी व्यवसाय में सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ (HDDCF) महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला सीएम पैक्स की सदस्य महिलाओं को दुग्ध पशु खरीदने के लिए रियायती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराएगा। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को डेयरी व्यवसाय से जोड़कर उनकी आर्थिक भागीदारी बढ़ाना है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत HDDCF को दूध आपूर्ति करने वाले दुग्ध उत्पादकों के लिए प्रोत्साहन राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। अब ग्रीष्मकाल में प्रोत्साहन राशि ₹5 प्रति लीटर से बढ़ाकर ₹7 प्रति लीटर और शीतकाल में ₹3 प्रति लीटर से बढ़ाकर ₹5 प्रति लीटर कर दी गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों और महिलाओं की आय में वृद्धि करना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना और हरियाणा को डेयरी विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।
pooja