चंबा में दर्दनाक हा*दसा, खाई में गिरी कार,पुलिस कांस्टेबल समेत पांच की मौ*त
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट हाईवे पर ऑल्टो कार गहरी खाई में गिरने से पुलिस कांस्टेबल, उनकी पत्नी, एक वर्षीय बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
चंबा के भरमौर-पठानकोट हाईवे पर ऑल्टो कार गहरी खाई में गिरी
हादसे में पुलिस कांस्टेबल, उनकी पत्नी, एक साल के बेटे समेत पांच लोगों की मौत
देर रात हुआ हादसा, दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लाहड़ के समीप मध्यरात्रि के आसपास एक ऑल्टो के-10 कार (HP 48A-8534) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए। हादसा दुर्गम क्षेत्र में होने और रात का समय होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने बताया कि हादसे में बचन सिंह (चालक), उनके पुत्र रिपन कुमार, जो हिमाचल प्रदेश पुलिस की द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन (Second IRBN), सकोह में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे, उनकी पत्नी रिम्पी, कीर्ति तथा एक वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रशासन पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
pooja